Page 281

पागल कुत्ते के काटने से युवक की मौत

0

विकासनगर। पागल कुत्ते के काटने से 15 वर्षीय किशोर की बीती रात्रि मौत हो गई। इससे क्वारना गांव में शोक की लहर फैल गई।

तहसील चकराता के राजस्व गांव क्वारना निवासी नीरज पुत्र जगतू साहिया के एक निजी होटल में काम करता था। जिसकी पिछले 5-6 दिन पूर्व अचानक तबियत खराब हो गई थी। बताया जा रहा कि कई दिन पूर्व उसे कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन तब उसका उपचार नहीं कराया गया। जिसके कारण तीन चार दिन पहले उसको बुखार आने लगा और नीरज को पानी से डर लगने लगा और वह अजीब सी हरकते करने लगा तो उसको उपचार के लिए पहले विकासनगर ले जाया गया। जहां से उसको दून रेफर किया गया और दून में उसको महंत इंद्रेश अस्पताल में उपचार दिया गया। परिजनों का आरोप है कि उपचार के लिए तत्काल रुपये कम होने की वजह से लापरवाही हुई और उसी दौरान तबियत ज्यादा बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। युवक की मौत होने से क्वारना गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

कांग्रेसियों ने राहुल गांधी की ताजपोशी पर प्रदेशभर में मनाया जश्न

0

देहरादून। प्रदेश भर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। इस मौके पर कांग्रेसियों ने कहा कि युवा तुर्क नेता राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
शनिवार को राजधानी दून स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में राहुल गांधी की विधिवत ताजपोशी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ें और पटाखे फोड़ कर जश्न मनाया। इस मौके पर केदारनाथ विधायक मनोज रावत ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी में ऊर्जा का नया संचार होगा तथा युवा और मजबूती के साथ पार्टी से जुड़ेंगे।
महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली मजबूती का सीधा असर उत्तराखंड में भी नजर आएगा और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस में ऊर्जा का संचार होगा, क्योंकि उनको उत्तराखंड से खास लगाव है और वह केदारनाथ की पैदल यात्रा कर आपदा प्रभावित क्षेत्र में ‘सुरक्षित यात्रा-सुरक्षित उत्तराखंड’ संदेश देने में कामयाब रहे। इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, महेश जोशी, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष पंकज मेसोन, पार्षद अशोक कोहली, अर्जुन सोनकर, चरण कौशल, डा. आरपी रतूड़ी, प्रदेश सचिव दीप बोहरा, महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश रमन, मुकेश रेग्मी, रिपुदमन, संजय शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
बागेश्वर में राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष बसंत कुमार के नेतृत्व में गोष्ठी हुई। वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पार्टी में युवा वर्ग और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ समेत कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आयरन लेडी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने कहा था कि मेरे लहु का कतरा-कतरा देश के काम आएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष बालकृष्ण ने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव आयोग एक ओर राहुल गांधी को चुनाव से पहले वोटरों को लुभाने के प्रयास का नोटिस थमा दिया, दूसरी ओर भाजपा ने चुनाव में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए घोषणा पत्र भी जारी कर दिया। वहीं प्रधानमंत्री ने गुजरात में चुनाव के दिन वोटरों को लुभाने का प्रयास किया। जो चुनाव आयोग को नहीं दिखाई दिया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। इस मौके पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, इंद्र सिंह परिहार, दलीप खेतवाल, सुरेश खेतवाल, राजेंद्र टंगड़िया, सुनीता टम्टा, दीपक खेतवाल, धीरज कोरंगा आदि मौजूद रहे।

गैरसैंण के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ उक्रांद करेगा आंदोलन

0

उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री जय प्रकाश उपाध्याय ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्य आंदोलन के समय राज्य की राजधानी गैरसैंण में बनाने के लिए संकल्प लिया था। राज्य की राजधानी गैरसैंण में होनी अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य की सत्तासीन रही राष्ट्रीय पार्टियों ने इस महत्वपूर्ण और उत्तराखंड की पहचान बनाने वाले बिंदु को केवल राजनीति का बिंदु बना कर रख दिया है।

जय प्रकाश शनिवार को देहरादून स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राजधानी गैरसैंण में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और भाजपा की वर्तमान सरकार को चेतावनी देना चाहता है कि वह इस संवेदनशील बिंदु पर अनर्गल बयानबाजी न करें और तत्काल राजधानी को गैरसैंण में स्थापित करें। यदि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ऐसा नहीं किया तो उत्तराखंड क्रांति दल जन आंदोलन के माध्यम से सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार है। वर्तमान सरकार इस संघर्ष के लिए भविष्य में तैयार रहे। उत्तराखंड क्रांति दल ने वर्षों पुरानी अपनी मांग को जनभावनाओं के अनुरूप पूरा करने के लिए आंदोलन करने का निर्णय लिया है।

जय प्रकाश ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल 18 दिसम्बर को प्रत्येक जिला मुख्यालयों पर धरना आयोजित करेगा। इसके बाद इस मुद्दे पर आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए 19 को बीजापुर गेस्ट हाउस में उक्रांद के वरिष्ठ नेता दो दिवसीय मंथन करेंगे। राजधानी जैसे महत्वपूर्ण मसले पर आंदोलन के लिए भविष्य की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में राजधानी गैरसैंण पर निर्णायक आंदोलन की रूपरेखा माननीय केंद्रीय अध्यक्ष दिवाकर भट्ट के नेतृत्व में तैयार की जानी है। उत्तराखंड क्रांति दल का मानना है कि राष्ट्रीय पार्टियों के नेताओं ने केवल राजधानी गैरसैंण बनाने को लेकर उत्तराखंड की भोली-भाली जनता को गुमराह किया है।

जय प्रकाश ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की बिखरी हुई शक्ति को एकत्रित कर बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उत्तराखंड क्रांति दल राज्य आंदोलन के दौरान आंदोलन करने वाले अंतिम व्यक्ति को सम्मान देना चाहता है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह राज्य में सभी आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण करें और पुराने मानकों को ही लागू रखें। पत्रकार वार्ता में जय प्रकाश उपाध्याय के साथ महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री, केंद्रीय सचिव धर्मेंद्र कठैत एवं युवा नेता गौरव उनियाल उपस्थित रहे।

भ्रष्टाचार पर सीएम के तेवर तल्ख, नहीं बख्शे जाएंगे घोटालेबाज

0

सितारगंज, कृषि मेले में शिरकत करने सितारगंज पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि सिडकुल के भ्रष्टाचारियों को सरकार नहीं बख्शने वाली है, तल्ख तेवरों में उन्होने कहा कि भाजपा सरकार जीरो टालरेंस पर काम कर रही है लेकिन अगर कोी भी गलती पायी गयी तो सरकार माफ नहीं करने वाली है, सिडकुल के हजारों करोंड के घोटाले पर सीएम ने अपना नजरिया साफ करते हुए कहा कि एनएच घोटाले की तरह ही सिडकुल घोटाले की भी परतें खोली जाएंगी और दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

सितारगंज में सीएम ने 12 किसानों को सहकारिता विभाग की ओर से एक-एक लाख रुपये के चेक वितरित किए। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, सहकारी बैंक के चेयरमैन दान सिंह रावत मौजूद थे। अपने सम्बोधन में सीएम ने कहा कि तीन महीने के भीतर प्रदेश के सभी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पूरी कर दी जाएगी। एक साल मे 27 लाख परिवारों के स्वास्थ्य बीमा योजना से भी जोड़ दिया जाएगा, उन्होंने कहा कि सिडकुल में भ्रष्टाचार करने वाले लोगों को जेल भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री रावत सितारगंज में कृषि ऋण मेले में किसानों को चेक देने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पांच साल में भ्रष्टाचार को 90 फीसद नियंत्रित कर लिया जाएगा।

बॉलीवुड को लुभा रही उत्तराखण्ड की वादियांःहेमन्त

0
पिथौरागढ़ , उत्तराखण्ड की हसीन वादियों से अब तक अछूता रहा बालीवुड अब उत्तराखण्ड की ओर अग्रसर हो रहा है, यहां की वादियां और धार्मिक स्थल अब बालीवुड को अपनी ओर खींच रही है, यही वजह है कि पिथौरागढ मे हो रही फिल्म की शुटिंग लोगों को लुभाेगी, और निर्देश उत्तराखण्ड के सौंदर्य से रुबरु होकर फिल्मों के निर्देश के लिए यहां आयेंगे, बॉलीवुड कलाकार एवं उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष हेमंत पांडे ने ये बात पत्रकार वार्ता करते हुए कहीं।
उन्होने कहा कि पिथौरागढ़ में हो रही फिल्म की शूटिंग से पूरे राज्य को फायदा मिलेगा। भविष्य में और फिल्म निर्माता राज्य में आएंगे। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ ही पर्यटन कारोबार भी बढ़ेगा।  पांडे ने कहा कि राज्य में फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रयासरत है।
इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री की पहल पर 17 जनवरी को फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और इससे जुड़े लोगों का राज्य स्तरीय सम्मेलन देहरादून में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन के दौरान राज्य के लघु फिल्म निर्माताओं को सम्मानित किया जाएगा। फिल्म निर्माताओं को जीएमवीएन और केएमवीएन की आवासीय सुविधाओं में विशेष छूट दी जा रही है। परिषद फिल्मों के लिए लोकेशन के चयन, फिल्म निर्माण और प्रदर्शन के माध्यम से रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है।

पाला जमने से सफर में बढ़ा जोखिम

0

चकराता, चकराता त्यूणी मार्ग पर लोखंडी के पास सड़क पर हल्की बर्फ पर पाला जमने से रास्ते में फिसलन हो रही है। इससे लोगों को जोखिम भरा सफर करना पड़ रहा है।

दिसंबर माह के पहले ही सप्ताह में चकराता की ऊंची पहाड़ी और लोखंडी, खडंबा मुंडाली आदि क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो गई है। वहीं, बर्फ पर पाला जमने से वाहनों को चलाने को लेकर लोगों के सामने दिक्कतें आ रही हैं। सफर करने में परेशानी हो रही है। दो दिनों से मौसम फिर से बदल गया है। बादल छाने व मौसम ठंडा होने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। 8000 फीट की ऊंचाई पर बसे चकराता त्यूणी मार्ग के लोंखडी में पाले की मोटी परत रोजाना जम रही है। जिसके कारण रोड पर भारी फिसलन हो रही और चलते बड़े वाहनों को वहां से गुजरने पर खाई में जाने का खतरा बढ़ रहा है।

क्षेत्र के जागरूक कुछ लोगों ने एसडीएम चकराता व लोनिवि चकराता के ईई को मार्गो से पाला हटाने के लिए जेसीबी की मांग की है ताकि मार्गो पर लोग सुकून से सफर कर सके। एसडीएम चकराता बृजेश तिवारी ने कहा कि लोनिवि के ईई को दोनों मार्गो से पाला हटाने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही रास्ते को साफ कर दिया जाएगा।

कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट

0

देहरादून, घने कोहरे के कारण दून आने जाने वाली लंबी दूरी की कई गाड़ियां अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से पहुंचीं। इस कारण शुक्रवार को दून काठगोदाम एक्सप्रेस के समय में फेरबदल किया गया। स्टेशन अधीक्षक सीताराम सोनकर ने बताया कि मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण लंबी दूरी की कई गाड़ियां अपने तय समय से विलंब चल रही हैं। लिंक एक्सप्रेस लगभग 10:30 घंटे की देरी से पहुंची। इसके चलते देहरादून काठगोदाम के समय में फेरबदल किया गया है और यह रात 2:30 बजे रवाना होगी।

लंबी दूरी की कई गाड़ियां शुक्रवार को अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से देहरादून पहुंचीं। इलाहाबाद से चलकर देहरादून आने वाली वाली लिंक एक्सप्रेस 10:30 मिनट की देरी से चल रही है। इसक चलते देहरादून से काठगोदाम को जाने वाली देहरादून काठगोदाम एक्सप्रेस को निर्धारित समय 10:55 से रिशेड्यूल कर 16 दिसम्बर को रात 2:30 पर रवाना किया जाएगा।

हावड़ा से चलकर देहरादून आने वाली दून हावड़ा एक्सप्रेस का देहरादून आने का समय 7:35 मिनट है, लेकिन वह लगभग 4:30 मिनट की देरी से आइ। नई दिल्ली से चलकर देहरादून आने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस 1:45 मिनट की देरी से पहुंची। अमृतसर देहरादून लाहौरी एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई। 

सड़क का पुशता ढहने से आवाजाही में हो रही दिक्कत

0

गोपेश्वर। चमोली जिले के गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर देवर कडेडी के समीप सड़क का पुस्ता ढहने से वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कत आ रही हैं। यदि समय रहते इस पुस्ते का निर्माण न किया गया तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग पर देवर कंडरी के समीप एक सप्ताह से अधिक समय से सड़क का पुस्ता ढहा हुआ है। पोखरी जाने वाले वाहन भी यहां पर सवारियों को उतार कर वाहनों को पास कर रहे है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता मनोज सिंह का कहना है कि इस संबंध में विभाग के आलाधिकारियों को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस पुस्ते के निर्माण के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। यहां पर पुस्ता ढहने से सड़क इतनी संकरी हो गई है कि कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से अविलंब इस पुस्ते के निर्माण की मांग की है।

मानव संसाधन की कमी का दंश झेल रहा विश्वविद्यालय

0

देहरादून। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के सरकार के तमाम दावे हकीकत की जमीन पर केवल दावे ही साबित हो रहे हैं। घोषणाओं की होड़ में संस्थानों को अस्थित्व तो दे दिया गया, लेकिन संसाधनों के मामले में गौर करना भूल गए। तमाम संस्थान किसी न किसी पहलू पर संसाधनों की कमी झेल रहे हैं, लेकिन प्रदेश की श्रीदेव सुमन विवि इनमें पहले स्थान पर आता है। विश्वविद्यालय में स्थाई कर्मचारियों का आंकड़ा कभी भी आधा दर्जन को पार नहीं करता।  प्रदेश में करीब पांच साल पहले जब एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने प्राइवेट परीक्षाएं कराने से इनकार कर दिया तो सरकार ने आनन-फानन में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की स्थापना कर प्राइवेट परीक्षाओं का जिम्मा उसको सौंपा था। केंद्रीय विवि के कुलसचिव डॉ. उदय सिंह रावत को विवि का पहला कुलपति नियुक्त किया गया। तब कुलपति और फाइनेंस कंट्रोलर के स्थाई पद सृजित किए गए। विवि में कुलपति का पदभार संभालने के साथ ही डॉ. यूएस रावत ने शासन को 137 पदों के सृजन का प्रस्ताव सरकार को भेजा, लेकिन इस पर अब तक कोई विचार नहीं किया गया। यूजीसी के प्राइवेट परीक्षाओं को अवैध घोषित करने के बाद यह जिम्मा विवि पर नहीं रहा, लेकिन इसके अलावा राज्य के अन्य कॉलेज और व्यवसायिक कोर्स संचालित करने वाले संस्थानों की जिम्मेदारी विवि को दी गई। इसके चलते विवि की समस्याएं जस की तस हैं। मौजूदा स्थिति पर गौर करें तो विवि के अंतर्गत छात्रों की संख्या लाखों में है।  लगातार बढ़ रहे कॉलेज और छात्र वर्ष 2015 से 28 बीएड कॉलेज भी श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध हुए। वहीं 35 प्रोफेशनल कॉलेज भी विवि से बीते दो सालों में संबद्ध हुए। साथ ही गढ़वाल विवि से डी-एफिलिएट होने वाले कॉलेज भी विवि से जोड़ दिए गए। ऐसे में श्री देव सुमन विवि में कॉलेज व छात्र संख्या बढ़ने के साथ ही जिम्मेदारियों में भी कई गुना इजाफा हुआ। छात्रों के परीक्षा फॉर्म, परीक्षाओं व कागजी कार्यवाही करने के लिए ही सैंकड़ों कर्मचारियों की आश्यकता है। विवि में 19 दिसम्बर से सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित होनी हैं। इसको लेकर विवि में मानव संसाधन की भारी कमी है।  विवि के कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत ने शुक्रवार को बताया कि लगभग 30,000 परीक्षार्थी सेमेस्टर परीक्षा में सम्मिलित होंगे। सभी परीक्षाएं पांच जनवरी तक समाप्त हो जाएंगी। फरवरी में परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में काफी संख्या में मानव संसाधन की आवश्यकता होगी, जो विवि के पास उपलब्ध नहीं है। ऐसे में परेशानी होना लाजमी है।

सौंदर्यीकरण को लेकर मंत्री ने दिए अधिकारियों को निर्देश

0

हरिद्वार। राज्य के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने नगर निगम हरिद्वार के सौन्दर्यीकरण को लेकर जिला प्रशासन, लोनिवि, विद्युत, जल संस्थान आदि सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों व अर्बन एंड ट्रांसपोर्ट प्लानिंग एक्सपर्ट के साथ शुक्रवार को बैठक की।

कौशिक द्वारा अर्बन एंड ट्रांसपोर्ट प्लानिंग एक्सपर्ट जगमोहन सिंह दत्ता द्वारा शहर सौन्दर्यीकरण को लेकर तैयार की गई रिपोर्ट का प्रोजेक्टर पर निरीक्षण किया गया। उन्होंने उप जिलाधिकारी हरिद्वार मनीष कुमार सिंह को निर्देश दिए कि वे 12 दिनों के भीतर ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल से तहसील क्षेत्र तक सड़क मार्ग का अर्बन एंड ट्रांसपोर्ट प्लानिंग एक्सपर्ट, लोनिवि, विद्युत, सिंचाई, जल संस्थान, बीएसएनल, जल निगम आदि सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वे कर कार्योंं की रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने निर्देश दिए कि इस क्षेत्र के सड़क मार्ग में ऐसे स्थानों का चिह्नीकरण कर लिया जाए, जहां पर वेन्डर जोन, पार्किंग स्थल व डिवाइडर बनाए जा सकते हैं।
मंत्री ने लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क मार्ग की जो भूमि विभाग की है, उसका सफेद अथवा पीली पट्टी से चिह्नीकरण कर लिया जाए, ताकि लोगों को यह पता रहे कि यह सरकारी भूमि है।उन्होंने यातायात को प्रभावित करने वाले वृक्षों को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक रावत, नगर आयुक्त नितिन भदौरिया, एडीएम ललित नारायण मिश्र, सचिव विकास प्राधिकरण बंशीधर तिवारी, एसडीएम मनीष कुमार सिंह, ईई यूपीसीएल वीएस पंवार, एजीएम बीएसएनएल कमलेश्वर मिश्रा, परियोजना प्रबन्धक निर्माण एवं अनुरक्षण ईकाई गंगा आरके जैन, एई लोनिवि आरपी नैथानी, एई सिंचाई निर्देश कुमार सिंह सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।