Page 149

बढ़ती दुर्घटनाओं के कारण सीपीयू का दायरा बढ़ाया

0

हरिद्वार। लक्सर मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए एसएसपी ने सीपीयू का दायरा बढ़ा दिया है। लक्सर में शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्राली से कुचलेर हुई किशोरी की मौत के बाद सीपीयू का फोकस लक्सर मार्ग पर रहा।

लक्सर मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए एसएसपी ने विगत दिनों ग्रामीणों के साथ यातायात व्यवस्था दुरुस्त बनाने व दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बैठक की थी। इसमें ग्रामीणों ने कई सुझाव भी एसएसपी को दिए थे। कई स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग भी ग्रामीणों ने की थी। लक्सर मार्ग पर कई स्कूल होने के कारण बड़े वाहनों की लक्सर मार्ग पर आवाजाही पर रोक की मांग भी ग्रामीणों ने की थी। एसएसपी ने भारी वाहनों पर स्कूल समय में रोक के निर्देश भी दिए थे। बावजूद इसके भारी वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं लगी और सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी रहा।

इसी को देखते हुए लक्सर मार्ग पर सीपीयू ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के चालान काटे। साथ ही कुछ लोगों को चेतावनी देकर भी छोड़ा। दुर्घटनाओं को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सीपीयू की टीम ने जगजीतपुर अजीतपुर, मिस्सरपुर, कटारपुर, फेरुपुर आदि क्षेत्रों में बिना हेलमेट बाइक और स्कूटी चलाने वालों पर कार्रवाई करे।

ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं

0

ऋषिकेश, नगर में जाम की समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। न सिर्फ आमजन बल्कि मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। ऋषिकेश में एम्स बनने के बाद अक्सर सामान्य वाहनों के अलावा जाम में एंबुलेंस भी फंसी रहती हैं और उनके अंदर मरीज तड़पते रहते हैं।

तीर्थ नगरी ऋषिकेश में हरिद्वार रोड, देहरादून रोड, लक्ष्मण झूला सहित मेन बाजार पर आए दिन जाम लग जाने के कारण पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। सबसे अधिक समस्या का सामना मरीजों और उनके तीमारदारों को करना पड़ता है। जाम में वाहनों के बीच अक्सर एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। जाम से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन ने कई बार प्रयास तो किए, लेकिन सभी नाकाम साबित हुए हैं।

घाट चौराहे पर सुबह जाम लग गया। इसकी वजह से हरिद्वार रोड एवं लक्ष्मण झूला मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। इसमें आमजन के अलावा स्थानीय अधिकारी भी काफी देर फंसे रहे। यही नहीं एंबुलेंस वाहन भी इस जाम से जूझती नजर आई।

इस संबंध मे सीओ वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि, होली के बाद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था मे सुधार को लेकर नई रणनीति बनाई जायेगी। मेन चौराहों पर होमगार्डों की ड्यूटी लगाई जाएगी जिससे वाहनों का आवागमन सही प्रकार से हो सके और जाम न लग सके।”

मोदी सर की क्लास में चेक होगी उत्तराखंड की प्रोग्रेस रिपोर्ट

0

देहरादून, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते कुछ महीनों में उत्तराखंड के लिए कई केंद्र पोषित योजनाएं केदारनाथ पुनर्निर्माण और ऑल वेदर रोड जैसे प्रोजेक्ट त्रिवेंद्र सिंह रावत गवर्नमेंट को सौपे हैं। राज्य में चल रहे इन प्रोजेक्ट्स और केंद्र पोषित योजनाओं की प्रोग्रेस रिपोर्ट क्या है? 28 फरवरी को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड सरकार से कार्यों की समीक्षा बैठक कर के प्रगति रिपोर्ट जांचेंगे जिस की तैयारी में उत्तराखंड सरकार पूरी तरह से जुट चुकी है।

उत्तराखंड के मुख्य सचिव नहीं सभी विभागों को जिनके पास केंद्र पोषित योजनाएं चल रही है को अल्टीमेटम दे दिया है कि वह सभी विभाग जल्दी से जल्दी अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट को सचिवालय को सौंप दें, गौरतलब है कि उत्तराखंड में नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट न्यू केदारपुरी निर्माण ,ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के कार्य चल रहे हैं जिस पर 28 फरवरी को प्रधानमंत्री उत्तराखंड सरकार से इन कार्यों की प्रोग्रेस रिपोर्ट के बारे में जानकारी लेंगे जिसको लेकर उत्तराखंड सरकार भी अपनी तैयारियों पर जुट चुकी है।

पर्यावरण: कैसे रह गई कोसी नदी 225 से 60 किमी की

0

(देहरादून) उत्तराखंड की तक़रीबन 40% नदियां अपना स्वरुप बदल रही हैं। जिन नदियों को ग्लेशियर का पानी मिलता था, वो मौसमी नदियां बनती जा रही हैं। ये बात कोई एनजीओ या राजनीतिज्ञ नहीं बल्कि सालों से नदियों पर शोध करने वाले विशेषज्ञ कह रहे हैं।

शुक्रवार से ग्राफ़िक एरा में शुरू हुई दो दिवसीय युसर्क राज्य विज्ञानं और प्रौद्योगिकी सम्मलेन के पहले दिन उत्तराखंड की नदियां, तालाब और अन्य जल स्त्रोतों के बारे में चर्चा हुई। प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने कहा की उनकी संस्था देहरादून में रिस्पना और अल्मोड़ा की कोसी नदी के पुनर्जीवन पर काम कर रही है। कोसी नदी के ज्यादार जल स्रोत सुख गए हैं वही रिस्पना नदी देहरादून घाटी में अपने आस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। रिस्पना के पानी में कोली बैक्टीरिया पाया गया है जो पेट के रोगों की जड़ है। जबकि नदी के गंदले पानी पर दून की बड़ी आबादी अभी भी निर्भर हैं।”

ये बात किसी से छुपी नही है कि रिस्पना का स्वरुप बिगाड़ने में नदी किनारे अतिक्रमण बड़ी वजह है। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जे एस रावत ने बताया की अल्मोड़ा की कोसी नदी जो ग्लेशियर के पानी से भरी रहती थी अब मौसमी नदी में तब्दील होती जा रही है। कोसी नदी की लम्बाई 60 साल पहले 225 किलोमीटर थी जो अब घटकर 41 किलोमीटर रह गयी है।

कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सी सी पंत ने नैनीताल के प्रसिद्ध नैनी तालाब की स्थिति से रूबरू करवाया। लगातारड्राई सीजनरहने की वजह से तालाब का लेवल लगातार गिर रहा है। प्रोफेसर पंत का का कहना था की नैनी तालाब में हर साल करीब 61 घन मीटर मलबा एवं गरडा समां रहा है जो झील की पारिस्थिकी को प्रभावित कर रहा है। झील को रिचार्ज करने वाली सूखाताल हैं और वो अतिक्रमण की चपेट में है।”  यही नही पड़ोस की भीमताल झील भी लगातार सिकुड़ रही है। झील 30 किलोमीटर से सिकुड़कर 25 किलोमीटर ही रह गयी है।

उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

0

देहरादून। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अनिल रतूड़ी ने पुलिस मुख्यालय की सभागार में दिनांक तीन मार्च कसे उप राष्ट्रपति भारत के जनपद देहरादून व पौड़ी गढ़वाल प्रस्तावित भ्रमण कार्याक्रम की तैयारियों के सम्बन्ध में एक वीडियो कान्फ्रेसिंग आयोजित की गयी। कॉफ्रेंसिंग में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

डीजीपी ने बताया कि उप राष्ट्रपति भारत के देहरादून एवं पौड़ी गढ़वाल के प्रस्तावित भ्रमण कार्याक्रम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी शुरु कर दी हैं इसके लिये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून एवं पौड़ी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। डीजीपी ने वीवीआईपी रुट में हाथी बहुल्य क्षेत्र भी है जिसके लिये वन विभाग एवं सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर समन्वय स्थापित करने हेतु भी निर्देशित किया गया। इसके अलावा हैलीपैड, वीवीआईपी फ्लीट, ट्रैफिक कंट्रोल, महिलाओं की चैकिंग के लिए महिला कर्मियों की तैनाती आदि को लेकर भी निर्देश दिए। कान्फ्रेंसिंग में अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अपराध एवं कानून व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक वी विनय कुमार, पुलिस महानिरीक्षक दीपम सेठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक पुष्पक ज्योति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी जगत राम जोशी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर आबकारी आयुक्त का किया घेराव

0

देहरादून। नाराज राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शुक्रवार को आबकारी मुख्यालय का घेराव करते हुए आयुक्त को हटाने की मांग की। इस दौरान परिषद की ओर से संयुक्त आबकारी आयुक्त टीके पंत को अपनी विभिन्न मांगों को एक ज्ञापन भी सौंपा।

शुक्रवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने वाहन भत्ते का तुरंत भुगतान,विभागीय ढांचा बनाने ,सब इंस्पेक्टरों से जाब चार्ज के अनुसार काम, शिथिलीकरण की सुविधा व 5,6 जनवरी को हुई डीपीसी के आदेश तुरंत जारी करने सहित महिला महिला कर्मचारियों के रात्रि ड्यूटी में वाहनों की सुविधा की मांग को लेकर आबकारी मुख्यालय का घेराव किया। इस दौरान आबकारी आयुक्त के ना मिलने पर कर्मचारी भड़क गए। इस मौके पर परिषद के अध्यक्ष ठाकुर प्रह्लाद सिंह ने बताया कि आबकारी आयुक्त वी षणमुगम ज्यादातर सचिवालय में ही रहते हैं। ऐसे में विभाग में तमाम काम अटके हुए हैं। कर्मचारियों की समस्याएं नहीं सुनी जा रही हैं। उन्होंने वी षणमुगम को हटाकर किसी विभागीय अधिकारी को आयुक्त बनाने की मांग की। उनका कहना है कि उप आयुक्त कार्मिक एसके कांबोज को किसी फाइल या काम की जानकारी नहीं दी जा रही। जिससे विभाग में ना तो डीपीसी हो पा रही है, ना कर्मचारियों के ट्रांसफर हो पा रहे हैं। परिषद की ओर से मांगे माने जाने के लिए 10 मार्च तक का वक्त दिया गया है।
इस मौके पर परिषद के प्रदेश कार्यकारी महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने बताया कि 27 फरवरी को कृषि निदेशक और महिला एवं बाल विकास निदेशक का घेराव किया जाएगा। इसके बाद लगातार जहां जहां कर्मचारियों को वाहन भत्ता काटा गया है वहां घेराव किया जाएगा।
घेराव में प्रदेश महामंत्री प्रदीप कोहली, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नंद किशोर त्रिपाठी,शक्ति प्रसाद भट्ट,चौधरी ओमवीर सिंह, राजेंद्र सिंह बिष्ट आदि शामिल रहे।

आम वर्गों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही केंद्र सरकार: स्मृति इरानी

0

पिथौरागढ़। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृती इरानी ने केन्द्र सरकार की कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश के हित में केन्द्र सरकार ने कई योजनाएं संचालित की हैं जिसका लोगों को लाभ मिलने लगा है।
शुक्रवार को सीमांत बसंतोत्सव के तहत यहां सामाजिक समरसता एवं सामाजिक सद्भाव सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए यह बातें कही। इस मौके पर सीमांत सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष कैलाश थपलियाल, उपाध्यक्ष ललित पंत, संयोजक राकेश देवलाल,ललित शौर्य ने स्वागतर किया। इस मौके पर उन्होंने सीमांत सेवा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश के सभी वर्गों के हितों के लिए काम कर रही है केन्द्र सरकार ने कई योजनाएं संचालित की हैं जिसका लोग फायदा उठा रहे है। उन्होंने आने वाले दिनों में योजनाओं का और लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश ही नही विश्व में भारत का नौम रौशन कर रहे है। उन्होंने कहा कि कहा कि केन्द्र की सरकार ने गांव, गरीब और किसान को अपने विकास का केन्द्र बना कार्य कर रहे है। सरकार के कार्यों का असर सभी क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है।
इस मौके पर केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि यह पूरा क्षेत्र सैन्य बाहुल्य है। यहां के लोगों ने हमेशा राष्ट्र के हित में अपना योगदान दिया है। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति इरानी ने आकाशवाणी अल्मोड़ा और चंपावत के एफएम ट्रांसमीटरों का शिलान्यास किया। उन्होंने अल्मोड़ा के लिए 1 और 5 किलोवाट के दो एफएम ट्रांसमीटर और चम्पावत के लिए 1 किलोवाट के ट्रांसमीटर का शिलान्यास किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि एफएम ट्रांसमीटर के लग जाने के बाद अल्मोड़ा व चंपावत के लोग मुंबई व अन्य एफएम सेंटरों के कार्यक्रम सीधे सुन पाएंगे। मंच पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक युद्धवीर,भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, उपाध्यक्ष गोविंद सिंह महर, महामंत्री गिरीश जोशी सहित कई लोग मौजूद थे।

डीएवी शिक्षक संघ चुनाव में हंगामा, धांधली का लगाया आरोप

0

देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज में शिक्षक संघ चुनावों में धांधली का आरोप लगाते हुए शिक्षकों ने जमकर हंगामा किया। आलम यह रहा कि शाम को परिणामों की घोषणा के बाद भी देर रात तक हंगामा चलता रहा। संघ चुनाव में प्रत्याशी पद के उम्मीदवारों ने चुनाव के बाद मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए रि-इलेक्शन की मांग की।

डीएवी पीजी कालेज शिक्षक संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर डॉ. यूएस राणा विजयी रहे। डा. राणा को 75 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी डॉ. अशोक श्रीवास्तव को 49 मत पर समझौता करना पड़ा। वहीं, उपाध्यक्ष पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। जहां एक ओर डॉ. सुनील कुमार ने 62 वोट हासिल किए, वहीं उपाध्यक्ष पद पर प्रतिद्वंद्वी डॉ. सविता रावत के खाते में 61 वोट पड़े।

सह सचिव पद पर चार वोट का रहा अंतर
सचिव पद पर डॉ. राजेश कुमार को 66 जबकि प्रतिद्वंद्वी डॉ. पारुल दीक्षित को 59 वोट। सह सचिव पद पर भी चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पद पर डॉ. हरिओम शंकर 63 मत पाकर विजयी हुए, जबकि प्रतिद्वंद्वी डॉ. रश्मि त्यागी रावत ने महज चार वोट से पीछे रहते हुए 61 मत प्राप्त किए। ग्रूटा प्रतिनिधि पद पर डॉ. अखिलेश चंद्र बाजपेयी को 55, डॉ. अंजू बाली पांडेय को 47, डॉ. अनुपमा सक्सेना को 76 व डा. मृदुला सेंगर को 62 वोट प्राप्त हुए। कार्यकारिणी में डॉ. नैना श्रीवास्तव, डॉ. दीपेंद्र निगम, डॉ. झरना बैनर्जी, डॉ. अमिता श्रीवास्तव, डॉ. अमित कुमार शर्मा, डॉ. निशा वालिया, डॉ. पुनित सक्सेना, डॉ. विनोद कुमार गुप्ता, डॉ. रवि शरण दीक्षित, डॉ. सुमन त्रिपाठी, डॉ. प्रगति बडथ्वाल, डॉ. मोनिशा सक्सेना, डॉ. सुंदर सिंह व डॉ. सुमन लता पांडे निर्वाचित हुए।
चुनाव प्रक्रिया में धांधली का लगाया आरोप
शुक्रवार को चुनाव के दौरान शिक्षकों ने जमकर हंगामा किया। चुनाव में उम्मीदवारी कर रहे शिक्षकों ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए रि-इलेक्शन की मांग की। दरअसल, उपाध्यक्ष पद पर महज एक वोट के अंतर से हार होने पर प्रतिद्वंदी प्रत्याशी डॉ. सविता ने चुनाव में धांधली का अरोप भी लगाया। पूरा मामला एक वोट के इनवैलिड होने के चलते शुरू हुआ। एक वोट पर मतदाता ने डॉ. सविता के नाम पर सही और प्रतिद्वंदी डा. सुनील के नाम पर क्रॉस का निशान लगाया हुआ था। जिसके चलते चुनाव समिति ने वोट को कैंसिल करार दिया। उस वक्त तो कोई विरोध देखने को नहीं मिला, लेकिन महज एक वोट का अंतर हार में होने के बाद कैंसिल हुई वोट का मुद्दा तूल पकड़ गया। हंगामा इस कदर भड़का कि शिक्षकों के चुनाव में भी कॉलेज में पुलिस फोर्स तैनात करने की नौबत आन पड़ी। देर रात तक दोनों पक्ष आमने सामने रहे। रि-इलेक्शन की मांग को लेकर अड़े रहे।

चार वोट पर सह सचिव पद पर हंगामा
दूसरी ओर सह सचिव पद पर भी महज चार वोट के जीत हार के अंतार को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सह सचिव पद पर भी चुनाव में कड़ा मुकाबला होने के बाद महज चार वोट के अंतर से हारने वाली प्रतिद्वंद्वी डॉ. रश्मि त्यागी रावत ने आराप लगाया कि मतों की गिनती में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि बंद कमरों में मतों में हेरफेर किया गया है। मामले में देर रात तक शिक्षकों ने दो गुटों में बंटकर जकर हंगामा किया।

फैसला होने तक ठटे रहने का एलान
शिक्षक देर रात तक चुनाव के परिणामों में धांधली की बात पर अड़े रहे। शिक्षकों ने चुनाव अधिकारी डॉ. पीएस नेगी से चुनाव को दोबारा कराए जाने की मांग की। लेकिन, चुनाव अधिकारी ने साफ इनकार कर दिया। जिसके चलते शिक्षकों का हंगामा बढ़ता चला गया। मौके पर पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा। सीओ जया बलूनी भी देर रात तक कॉलेज में स्थिति को सामान्य बनाने के लिए शिक्षकों को समझाने का प्रयास करती रही। लेकिन बात नहीं बनी। बाद में उम्मीदवार शिक्षकों ने चुनाव पर्यवेक्षक डा. हर्षवर्धन पंत से चुनाव में रि-काउंटिंग को लेकर अंतिम फैसला करने की मांग की। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई भी फैसला नहीं हुआ। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है।

समाज में विकास के लिए इंटरनेट की भूमिका महत्वपूर्ण : यशपाल

0

भीमताल। परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि इंटरनेट आज महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ज्ञान, संवाद का संप्रेक्षण में अपेक्षित गति आ चुकी है। इसलिए ऐसे क्रांती को उत्तराखण्ड जैसे राज्य में पर्यावरण, स्वास्थ्य, कृषि के क्षेत्र में इसका उपयोग कर हम समाज के उत्थान में सहभागी बन सकते हैं।

शुक्रवार को भीमताल के बिड़ला संस्थान व उत्तराखण्ड विज्ञान शिक्षा एंव अनुसंधान संस्थान देहरादून के संयोजन में आयोजित दो दिवसीय सेमिनार के उद्घान अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने य व्यक्त किए। इस मौके पर मंत्री के अलावा निदेशक डा. बीएस विष्ट मौजूद थे।

इस मौके पर मंत्री ने कहा कि संचार क्रांति के युग में मानव लगातार नई ऊंचाई को छू रहा है। समाज के निचले तबके के उत्थान के लिए उपयोग कर हम इसका सार्थक उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि देश विदेश से पहुंचे वैज्ञानिकों के ज्ञान का उत्तराखंड को बहुमूल्य लाभ मिलेगा। बिड़ला संस्थान व यूसर्क की पहल की मंत्री ने सराहना की।

बिड़ला के निदेशक डा. बीएस विष्ट ने कहा कि सेमीनार का विषय इंटरनेट आफ थिंग्स स्मार्ट यूजेजे एंड इनोवेशन रखा गया है। उन्होंने आगंतुकों का स्वागत किया। इस मौके पर उच्च शिक्षा के उप निदेशक डा. कमल पांडे, नगर पंचायत के चेयरमैन राजेश नेगी, डा. आषुतोष भट्ट, अमेरिका से आई प्रो. मारिया गांजा, आस्ट्रेलिया प्रो. आरके डी, एमएम मालवीय राष्ट्रीय तकनीकी विवि के कुलपति डा. एसएन सिह, रुहेल खंड विवि के विनय रिसीवाल, देव संस्कृति विवि हरिद्वार के अभय सक्सेनै, द्वारा इंजीनियरिंग कालेज के निदेशक प्रो. आरके सिंह, डा. एमके शर्मा, डा. जितेंद्र पांडे, डा. देवाजीत शर्मा, डा. एचसी पांडे, अध्यक्ष नगर पालिका भीमताल राजेश नेगी सहित अनेक वैज्ञानिक मौजूद थे। 

थराली विधायक मगनलाल को अस्पताल देखने पहुंचे सीएम और विधानसभा अध्यक्ष

0

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई नेता थराली विधायक मगनलाल शाह की तबीयत बिगड़ने पर उनका हाल जानने शुक्रवार को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचे।
थराली विधायक मगनलाल शाह फेफड़ों में संक्रमण के चलते जौलीग्रांट अस्पताल में 19 फरवरी से भर्ती हैं। शुक्रवार सुबह विधायक मगन लाल शाह की तबीयत अचानक खराब होने के चलते उन्हें आनन-फानन में आईसीयू में दाखिल करना पड़ा। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर जौलीग्रांट हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान उनके साथ विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट भी साथ रहे।
इस दौरान सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि डॉक्टर उन्हें देख रहे हैं, अगर उन्हें हायर सेंटर भेजने की जरूरत होगी तो वह भी किया जाएगा। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर उन्हें हायर सेंटर भेजने पर विचार कर रहे हैं। उन्हें वेदांता ले जाया जा सकता है।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित करते हुए कहा है कि विधायक मदन लाल शाह के उपचार में कोई कोताही ना बरती जाए। विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने थराली के विधायक मदन लाल शाह को उचित उपचार के लिए कहीं अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए भी चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच रहे हैं।