मौसम बदला, विद्युत व्यवस्था जस की तस, विभाग सुस्त

0
648

ऋषिकेश, मौसम धीरे धीरे करवट बदल रहा है, लेकिन शहर की विद्युत व्यवस्था में अब तक कोई सुधार देखने को नही मिला है। वर्षभर संसाधनों और तकनीकी खामियों का रोना विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की अब आदतों में शुमार हो चुका है।

वासंतिक मौसम के साथ ऋतु परिवर्तन हो चुका है। मगर शहर की लचर विद्युत व्यवस्था अभी भी जस की तस बनी हुई है।शहर में हो रही अघोषित कटौती से लोगों का बुरा हाल है। बिजली आने और जाने का कोई समय नहीं है। सुबह हो या शाम या फिर रात में बिजली बंद कर दी जाती है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश मे बिजली व्यवस्था बुरी तरह से लड़खड़ा गयी है। विभागीय अधिकारी भी इस बाबत संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं। जिससे उपभोक्ताओं में रोष बढ़ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि राजनैतिक दल भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। जनता की समस्याओं से किसी को कुछ वास्ता नहीं है।

शहर में तमाम कवायदों के बाद भी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है। परेशान हो चुके उपभोक्ता अब सड़क पर उतरकर आक्रोश जताने का मन बना रहे हैं। शासन के निर्देशों के बाद भी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था नहीं सुधर पा रही है।

आलम यह है कि विभिन्न क्षेत्रों मे ताबड़तोड़ विद्युत कट उपभोक्ताओं को झेलने पड़ रहे हैं। बिजली की आख मिचौली से आजिज आ चुके उपभोक्ता अब आंदोलन करने का मन बना रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यहां का विद्युत विभाग शिकायतों के बावजूद अपने लचर कार्य प्रणाली मे सुधार के लिए तैयार नही हैं। लो वोल्टेज की समस्या का भी समाधान नहीं हो रहा है। उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग की है।