दून में डेंगू के मरीजों की संख्या 200 के पार पहुंची

0
563
Dengue
Dengue spreading wings in Dehradun

राजधानी में डेंगू के मच्छर का हमला लगातार जारी है। डेंगू के मरीजों की संख्या 200 के पार पहुंच गई है। मंगलवार को 31 मरीजों में डेंगू की पुष्टि होने के बाद कुल मरीजों की संख्या 212 हो चुकी है, जिनमें से 203 देहरादून और 9 मरीज अन्य जनपदों के रहने वाले हैं। शहर में जितने डेंगू के मरीज मिले है, उनमें से अधिकांश रायपुर इलाके के रहने वाले हैं।  सीएमओ डा. एसके गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को 31 मरीजों में एलाइजा जांच के बाद डेंगू की पुष्टि हुई। इनमें से 17 पुरुष और 14 महिलाएं शामिल है। एक महिला मरीज टिहरी और अन्य देहरादून के रहने वाले हैं। बताया कि दून, कोरोनेशन और गांधी शताब्दी अस्पताल में डेंगू वार्ड बनाया गया है।

अभियान में सहयोग नहीं दिया तो जुर्माना लगेगा 
रायपुर में डेंगू के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं, इसके बाद भी वहां के लोग जागरूक नहीं हो रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी सुभाष जोशी के मुताबिक कई लोग आशाओं को अपने घरों में नहीं घुसने दे रहे हैं। बताया कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. कैलाश जोशी एवं उनकी ओर से रायपुर इलाके में अनाउंस कराकर चेतावनी दी गई है कि यदि सहयोग नहीं किया तो जुर्माना लगाया जाएगा।

कुल मिलाकर स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम के अधिकारी जागरूकता का दावा करते नहीं थक रहे हैं। वहीं, डेगू की बीमारी फैलाने वाले मच्छर की सक्रियता भी लगातार बढ़ती जा रही है। जुलाई की अपेक्षा अगस्त में डेगू का मच्छर ज्यादा लोगों पर डंक मार रहा है।

प्रदेश में अब तक डेगू पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़कर 212 हो गई है। इनमें 203 मरीज देहरादून जनपद से हैं। अन्य जनपदों में अब तक नौ मरीजों में डेगू की पुष्टि हो चुकी है। जिला वैक्टर जनित रोग निवारण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि जिन मरीजों में डेगू की पुष्टि हुई है उनमें 17 पुरुष व 14 महिलाएं शामिल हैं। अधिकांश मरीज उपचार के लिए ओपीडी में पहुंचे हुए थे।

बताया कि नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई। लोगों को डेंगू की बीमारी की रोकथाम व बचाव के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने व खाली बर्तनों में पानी एकत्र नहीं होने देने की अपील की गई है। छात्र-छात्राओं को भी पंपलेट वितरित कर बीमारी के लक्षणों व बचाव की जानकारी दी गई।