एक सप्ताह में होगा गोसदन का लोकार्पण 

0
502
Nagar Nigam Office Dehradun
देहरादून, सड़कों पर लावारिश घूम रहे पशु प्रायः यातायात बाधित करने का कारण बनते हैं लेकिन अब नगर निगम ने इनसे मुक्ति पाने का माध्यम तैयार कर लिया है। देहरादून की सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशु सेलाकुई की गोसदन में भेज दिए जाएंगे।
लगभग 100 बीघा क्षेत्र में बने इस गौसदन में 400 से 500 जानवरों को रखने की व्यवस्था है। लगभग एक सप्ताह के भीतर इस गौसदन का लोकार्पण हो जाएगा। यह जानकारी मुख्य नगर आयुक्त विनय शंकर द्वारा गुरुवार को दी गई।
देहरादून में पशु पालकों के पशु प्रायः सड़कों पर घूमते हैं, इसके लिए नगर में बने कांजी हाउस में सिर्फ 80 पशु रखे जा सकते है लेकिन इसमें लगभग पांच गुना पशु रखे गए हैं। व्यवस्था और रख रखाव के अभाव में कई पशुओं को अपनी जान गंवानी पड़ी जिससे नगर निगम की बड़ी छीछालेदर हुई थी। इसी व्यवस्था को देखते हुए सेलाकुई में नए गोसदन का निर्माण किया गया है जो लगभग तैयार है।
इस संदर्भ में मुख्य नगर आयुक्त विनय शंकर पांडे का कहना है कि नगर निगम शीघ्र ही गोसदन प्रारंभ कर देगा। उन्होंने बताया कि सेलाकुई में गोसदन का काम पूरा हो चुका है। इस गोसदन का लोकार्पण एक सप्ताह के भीतर किया जाएगा जिसमें 500 पशु रखे जा सकते हैं। इससे आवारा पशुओं से निजात तो मिलेगी ही यातायात और गंदगी की समस्या से भी निपटा जा सकेगा। उन्होंने बताया शहर के आवार पशुओं को पहले तीन दिन नगर के कांजी हाउस में रखा जाएगा और बाद में उन्हें सेलाकुई गौसदन स्थानान्तरित कर दिया जाएगा। पालतु पशुओं के स्वामियों से 500 रुपये प्रतिदिन दंड वसूला जाएगा।