चम्पावत: कोरोना रोकथाम के लिए बनाए गया कंट्रोल रूम आया कोरोना की चपेट में

0
429
चम्पावत

चम्पावत ​जनपद में स्वास्थ्य विभाग का कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बनाये गया कंट्रोल रूम ही कोरोना की चपेट में आ गया है। आज एंटीजन टेस्ट में कोविड कंट्रोल रूम में ड्यूटी करने वाले दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों पति पत्नी हैं और एनएचएम के कर्मचारी हैं। इनमें एक काउंसलर व एक डाटा एंट्री आपरेटर है। उनके साथ रह रहा उनका एक रिश्तेदार भी कोरोना संक्रमित हुआ है।

साथी कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। दोनों कर्मचारियों व उनके रिश्तेदार को नगर के एक होटल में आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं उनके साथी कर्मचारियों ने अपने आप को सैल्फ आइसोलेट कर लिया है। बताया जा रहा है कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए दंपति को कुछ दिनों से हल्का बुखार था। बुखार में ही वह ड्यूटी पर आए थे। इस पर साथी कर्मचारियों ने उनसे कोरोना जांच करा लेने का आग्रह किया। जिसके बाद उन्होंने जिला चिकित्सालय में जाकर जांच कराई तो वह पॉजिटिव निकले। इसके बाद उन्होंने अपने साथ रह रहे रिश्तेदार युवक की भी जांच कराई। जिसमें वह भी संक्रमित पाया गया।
 एसीएमओ डॉ.इंद्रजीत पांडेय ने एनएचएम के दो कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि की है। पॉजिटिव पाए गए दंपति के रिश्तेदार के सं​क्रमित होने की पुष्टि उन्होंने नहीं की है। उन्होंने बताया कि आज एनएचएम कर्मियों के साथ ही जिले में कुल 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिनमें से सात टनकपुर क्षेत्र के हैं, जबकि दो लोहाघाट क्षेत्र के हैं।