फिर चर्चाओं में रुड़की कारागार, बंदी ने पेड़ से लटककर लगायी फांसी

0
474
रुड़की का उप-कारागार एक बार फिर चर्चाओं में आ गया। इस बार जेल के एक बंदी ने जेल परिसर में ही अपने मफलर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से जेल प्रशासन व पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया गया है कि दीपक नामक एक कैदी को मंगलोर पुलिस ने लूट के आरोप में जेल भेजा था। गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे कैदी दीपक ने जेल परिसर में ही खड़े आम के पेड़ से अपने गले का मफलर बांधकर फांसी लगा ली। कुछ ही देर में इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में घटना की जानकारी गंगनहर पुलिस को दी गयी। कोतवाल राजेश शाह मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर  शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
 इस घटना से जेल प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कैदियों की सुरक्षा को लेकर जेल प्रशासन इतना ढीला रवैया कैसे अपना रहा है? यही नही आपराधिक घटनाओं को लेकर लगातार चर्चाओं में रहने वाला रुड़की उप-कारागार एक बार फिर चर्चाओं में है। इससे पूर्व भी जेल परिसर में ही एक जेलर के सरकारी आवास से अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया था। लेकिन आज तक भी इस घटना से पर्दा नही उठ पाया है।