कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूंका प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी का पुतला

0
441
गोपेश्वर। चमोली जिले के कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर के बस स्टेशन पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को सोनभद्र में पीड़ित परिवारों से मिलने न देने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।
शनिवार को एनएसयूआई, युवा कांग्रेस व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए बस स्टेशन गोपेश्वर में मुख्यमंत्री योगी और प्रधानमंत्री मोदी के विरोध में नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सोनभद्र में भूमि विवाद को लेकर आदिवासियों की हत्या किए जाने पर प्रियंका गांधी पीड़ित परिवारों को सांत्वना देने जा रही थी। उन्हें बीच में रोक कर केंद्र और उत्तर प्रदेश के भाजपा सरकार ने अपनी मानसिंकता को दर्शाया है। कांग्रेस की महासचिव को इस तरह से गिरफ्तार किया जाना लोकतंत्र की हत्या है। भाजपा को इस तरह की अलोकतांत्रिक कार्यों को नहीं करने दिया जाएगा और कांग्रेस इसका विरोध करती रहेगी।
इस मौके पर ब्लाॅक अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, अरविंद नेगी, विकास जुगरान, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष संदीप नेगी, अनूप नेगी, महेंद्र सिंह नेगी, योगेंद्र बिष्ट, संदीप भंडारी, सुरेश डिमरी, मन मोहन चतुरा आदि मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर थराली में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रियंका को सोनभद्र के पीड़ितों से न मिलने देने के विरोध में योगी आदित्य नाथ का पुतला दहन किया। इस मौके पर ब्लाॅक अध्यक्ष देवी जोशी, महेश उनियाल, उमेश पुरोहित, नवीन चंदोला आदि मौजूद थे।