उत्तराखंड में भी कांग्रेस निकालेगी भारत जोड़ो यात्रा, माणा गांव से 7 नवंबर से शुरु होगी यात्रा

0
224

अल्मोड़ा में कांग्रेस के 6 जिलों के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें 7 नवंबर से उत्तराखंड के माणा गांव से भारत जोड़ो यात्रा निकालने और इसे सफल बनाने पर चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में उत्तराखण्ड में निकाली जाने वाली भारत जोड़ों यात्रा और आगामी चुनावों पर रणनीति बनाई गयी। प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा को देश भर में काफी समर्थन मिल रहा है।पदाधिकारियों की मौजूदगी में उत्तराखंड में होने वाली भारत जोड़ो यात्रा को लेकर विचार मंथन किया गया।

सभी जिलों से आये जिलाध्यक्षों,पीसीसी सदस्यों एवं ब्लाक अध्यक्षों ने बैठक में अपनी बात रखी।प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा उत्तराखण्ड के हर जिले में जाएगी तथा हर जिले के प्रत्येक ब्लाक से इस यात्रा के लिए दो लोगों की नियुक्ति की जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा ने कहा कि वर्तमान सरकार में बेरोज़गारी, महंगाई अपने चरम पर हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पुलिस भर्ती घोटाले,एस एस एस सी भर्ती घोटाले ने हमारे युवाओं के साथ छलावा किया है। अग्निवीर योजना से आज युवा हतोत्साहित है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से महंगाई, बेरोज़गारी,भर्ती घोटालों,जर्जर हो चुकी कानून व्यवस्था को जनता के सामने रखा जाएगा।

संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी ने किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव,प्रदेश अध्यक्ष करन मेहरा,नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल, जिलाध्यक्ष पीताम्बर पाण्डेय, विधायक मनोज तिवारी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी,प्रदेश उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी लोग उपस्थित रहे।