उत्तराखंड में कांग्रेस को झटका, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष भाजपा में शामिल

0
298

विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही राज्य में दल बदल का खेल शुरू हो गया है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और नैनीताल की पूर्व विधायक सरिता आर्य दो अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ भाजपा में शामिल हो गई हैं। उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में सोमवार को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।

सोमवार को बलवीर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कांग्रेस महिला अध्यक्ष सरिता आर्य को विधिवत भाजपा की सदस्यता दिलाई। उनके साथ महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोहरा और प्रदेश महामंत्री वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री और कौशिक ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। कांग्रेस के लिए चुनाव से एन पहले इसे बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

इस मौके पर सरिता आर्य ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री की नीतियों से प्रभावित होकर शामिल हुई हैं। अभी कोई शर्त नहीं है, पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे निर्वहन करेंगी। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष को धन्यवाद देती हूं, जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अंदर महिलाओं को इस्तेमाल कर घोर उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी का मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं, का नारा एक फरेब है और कुछ नहीं। कांग्रेस में महिलाओं को पार्टी में सम्मान से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में यशपाल आर्य और संजीव आर्य को आने मेरी अनदेखी की गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में महिला की उपेक्षा के चलते सरिता आर्य भाजपा में शामिल हुई है। प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन और युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास के कार्यों से लोग प्रभावित होकर पार्टी की नीतियों में विश्वास जता रहे हैं। भाजपा की नीति रीति को निश्चिततौर पर आगे बढ़ाने में आप सहयोग करेंगी। उन्होंने कहा कि एक राज्य ने कांग्रेस 40 फीसद महिलाओं को टिकट देने की बात करती और उत्तराखंड में 20 फीसद यह कैसा महिला सम्मान है। इस मौके पर विधायक बिनोद चमोली, वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।