सीपीयू के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

0
734

हरिद्वार। पुलिस के हेलमेट अभियान का विरोध अब जोर पकड़ने लगा है। दो दिन पूर्व कांग्रेस नेताओं के सीपीयू से झगड़ने और उसके बाद कांग्रेसी नेता समेत बीस अन्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेसी उग्र हो गए हैं। इसी के चलते गुरुवार को कांग्रेसियों ने हेलमेट के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया और सीपीयू के खिलाफ प्रदर्शन किया।
विदित हो कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद हरिद्वार पुलिस हेलमेट अभियान पर अपना पूरा फोकस किए है। दुपहिया वाहन पर दोनों सवारियों को हेलमेट पहनने की अनिवार्यता के कारण पुलिस हेलमेट न पहनने वाले लोगों का चालान कर रही है। इसी के साथ वाहन चलाते समय मोबाइस बात करने व अन्य कारणों पर भी चालान किया जा रहा है। दो दिन पूर्व कार चलाते समय मोबाइल पर बात करने के आरोप में सीपीयू ने कांग्रेसी नेता राजीव चौधरी का चालान कर दिया था। जिसको लेकर खासा हंगामा हुआ। कांग्रेसी नेताओं ने सीपीयू की इस कार्रवाई का विरोध करते हुए आज शहर कोतवाली के समीप सीपीयू के खिलाफ प्रदर्शन किया और हस्ताक्षर अभियान चलाया।
कांग्रेसी नेताओं का कहना था कि सीपीयू हेलमेट के नाम पर आम लोगों का उत्पीड़न कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि पुलिस को हेलमेट अभियान चलाना है तो राजमार्ग पर चलाना चाहिए। शहर के भीतर इस प्रकार के अभियान चलाने का कोई औचित्य नहीं है। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी नेताओं ने इस अभियान के खिलाफ राष्ट्रपति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजा है। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान चलाते हुए उन्होंने जनता से उनके इस अभियान में सहयोग की अपील की।