कांग्रेस ने त्रिवेन्द्र सरकार को घेरा, कहा रुड़की परिणाम पार्टी के लिए सुखद 

0
463
कांग्रेस
रुड़की निकाय चुनाव में भले ही कांग्रेस को सफलता नही ​मिली है, फिर भी कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व इसे त्रिवेन्द्र सरकार की हार और उत्तराखण्ड कांग्रेस की बढ़ती शाखा के तौर पर देख रही है। कांग्रेस का कहना है कि दिशाहीन सरकार की विफलता का परिणाम का असर आने वाले दिनों में और दिखेगा जो कांग्रेस के लिए सुखद साबित होगा।
सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में रुड़की निकाय चुनाव में आए परिणाम पर कहा कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान करती है। कहा कि हम हारे हैं लेकिन लड़ाई में रहे, भाजपा तो लड़ाई में भी नही रही। वहां के विकास के लिए सरकार ने कुछ किया ही नही। इसलिए जनता ने भाजपा को नकार दिया, जबकि चुनाव में सरकारी मशीनरी का पूरा उपयोग किया गया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रदेश के मुखिया अपनी ओछी बातों से जनता को बरगलाने की पूरी कोशिाश की लेकिन जनता ने उनकी एक नही सुनी। सरकार पौने तीन साल के कार्यकाल में पूरी तरह विफल साबित हुई है। एक के एक बाद उपचुनाव में भाजपा की हार से कांग्रेस के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा है। जिसका निश्चित ही आने वाले चुनावों में कांग्रेस को लाभ मिलेगा। कहा कि रुड़की चुनाव परिणाम इस बात का संकेत है कि निकट भविष्य में कांग्रेस प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन के साथ उभरेगी।