अधिकारियों और मंत्रियों की अनुपस्थिति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल 

0
435
देहरादून,  उत्तराखण्ड विधानसभा का विशेष सत्र मंगलवार को अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए अगले 10 साल के लिए आरक्षण व्यवस्था को लेकर आहूत सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन की बहाली मांग को सरकार को घेरा। इसके साथ ही श्रम विभाग और आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों  के मामले को प्रमुखता से उठाया गया। प्रश्नकाल के बाद सदन ढाई बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने नियम 310 के तहत पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर चर्चा की मांग की। पीठ की ओर से नियम 58 की ग्राह्यता पर सुनने के आश्वासन के बाद प्रश्न काल शुरू और शांतिपूर्वक चला। इस मौके पर सदन के नेता मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत भी कुछ देर तक मौजूद रहे। प्रश्नकाल के बाद कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने सदन में मंत्रियों और अधिकारी को नदारद रहने पर सवाल उठाया। इस पर मंत्री हरक सिंह रावत ने मजाकिया अंदाज में बड़े भाई, छोटे भाई के साथ चश्मे का नंबर बढ़ने की भी कहासुनी चली। प्रीतम ​के सवाल उठाते हुए दो अधिकारी तुरंत अपनी दीर्घा में आ गए।
इससे पहले भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने फैक्ट्रियों में श्रम मजदूरों के साथ अन्याय की बात करते हुए कहा कि फर्जी दस्तावेज के आधार पर बाहरी मजदूर काम कर रहे हैं। इसलिए राज्य के अधिक से अधिक श्रमिकों को काम दिया जाए। इसका नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने समर्थन करते हुए कहा कि यह मामला वाकई गंभीर है। फर्जी दस्तावेज के लोग आपराधिक प्रवृत्ति के भी हो सकते हैं। मंत्री हरक सिंह रावत ने जांच कराने की बात कहते हुए कहा कि इस प्रकार की शिकायत कहां है उसकी जानकरी दी जाए ताकि उस पर पुलिस तेजी से जांच का काम कर सके।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कर्मचारियों के यू हेल्थ कार्ड पर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। जबकि निर्दलीय विधायक राम सिंह कौड़ा ने भीमताल झील रिसाव का सवाल उठाया। संबंधित मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि डैम किनारे रह रहे लोगों को इससे खतरा नहीं है। डैम निरीक्षण के लिए राष्ट्रीय दल को पत्र लिखा गया है। विधायकों के डैम की आयु के सवाल पर मंत्री ने बताया कि यह 100 साल का हो गया है। इस पर अन्य विधायकों ने अंग्रेजी हुकुमत के समय और बाद के पुल तथा डैम के बनने और उसकी आयु समाप्ति के डाटा की मांग करते हुए कहा कि इससे संभावित खतरों को रोका जा सकता है।
विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने महीनों से आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी ठंड में महिलाएं आंदोलन कर रही हैं, उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाए। इस पर मंत्री से नेता प्रतिपक्ष ने तत्काल सीएम से बात कराकर धरना समाप्त कराने की मांग की। मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर है। अन्य राज्यों से ज्यादा उन्हें मानदेय दिया जा रहा है। जल्द ही सीएम के साथ उनकी वार्ता कराने का काम करूंगी। इसके साथ ही कार्यकत्रियों को कुपोषण से मुक्त के साथ ही सुपोषण में लाने की सरकार मन से काम कर रही है। इसके लिए बजट में आय व्यय में विषय रखा गया है।
सदन में विधायक देश राज कर्णवाल के प्रश्न पर जमकर ठहाके लगे। इस मौके पर सीएम भी सवाल को सुन कर हंसने लगे। बाद में परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने उनके यात्रा साहस की याद दिलाते हुए कहा कि आप बाइक सहित अन्य यात्रा करते हैं, इसलिए यातायात नियमों का पूरा पालन करें।