भाजपा सरकार की उत्तराखण्ड विरोधी नीति के लिए सरकार का पुतला दहन

0
377

देहरादून, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के निर्देश पर राज्यभर में जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी ने राज्य की प्रस्तावित राजधानी गैरसैण में भूमि की खरीद-फरोख्त पर लगी रोक हटाये जाने एवं तथा राज्य सरकार के फैसले का विरोध कर रहे आन्दोलनकारियों की गिरफतारी का विरोध करते हुए भाजपा सरकार की उत्तराखण्ड विरोधी नीति के लिए सरकार का पुतला दहन किया। इसी कार्यक्रम के तहत देहरादून में कंग्रेसजनों ने महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का पुतला दहन किया।

कांग्रेसजनों ने राज्य की भाजपा सरकार पर उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आन्दोलन की भावना की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा राज्य की प्रस्तावित राजधानी गैरसैण में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा जमीनों की खरीद फरोख्त पर लगाई गई रोक हटाया जाना उत्तराखण्ड राज्य के प्रति भाजपा की नीयत और नीतियों को दर्शाता है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के इस फैसले को राज्य निर्माण आन्दोलन की भावना के विपरीत बताते हुए गैरसैण राजधानी के मामले में भाजपा सरकार की मंशा पर सवाल उठाये हैं।

कांग्रेसजनों ने कहा कि, “भाजपा सरकार के इस निर्णय से न केवल राज्य निर्माण की भावनायें आहत हुई हैं अपितु राज्य निर्माण आन्दोलन के शहीदों और आन्दोलनकारियों का भी अपमान हुआ है। गैरसैण राज्य निर्माण आन्दोलन की आत्मा कही जाती है जिसका सम्मान करते हुए तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा जनभावना को देखते हुए गैरसैण में भूमि की खरीद-फरोख्त पर प्रतिबन्ध लगाते हुए निर्माण कार्य प्रारम्भ करवाये गये वहीं भाजपा की वर्तमान सरकार ने गैरसैण में जमीनों की खरीद-फरोख्त पर लगी रोक हटाकर राज्य निर्माण की जनभावना को आहत करने का काम किया है। भाजपा सरकार ने अपने इस जन विरोधी निर्णय से भविष्य में गैरसैण को राज्य की राजधानी बनाने के सपने को गृहण लगा दिया है।”