कांग्रेसियों ने राज्यभर में उपवास रखकर दिया धरना

0
906

देहरादून। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी उपवास कार्यक्रम के तहत धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर वक्तााओं ने भाजपा सरकार को दलित विरोधी बताते हुए देश को धर्म व जाति के आधार पर बांटने का आरोप लगाया।
सोमवार को राजधानी देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने एक दिवसीय उपवास में भागीदारी की। इस दौरान धरने पर बैठे कांग्रेसियों ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर दलित उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारों, गरीबों के लिए सरकार कुछ भी नहीं कर पाई।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दो अप्रैल की घटना ने देश का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम किया है। कांग्रेस पार्टी सभी जाति धर्मों को साथ लेकर देश का सामाजिक सौहार्द बनाये रखना अपनी जिम्मेदारी समझती है तथा इस मुश्किल समय में राष्ट्र की अगुवाई करने के लिए यह और भी महत्वपूर्ण हो गया है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि देश के सभी हिस्सों में शांति प्रबल हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों का अनुसरण करते हुए पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों में सामाजिक सौहार्द उपवास कार्यक्रम का आयोजन कर अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों द्वारा सामूहिक रूप से शपथ ली गई कि हम सब कांग्रेसजन आज नौ अप्रैल को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के आगे एक दिवसीय उपवास के दौरान यह शपथ लेते हैं कि हम सब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पण्डित जवाहर लाल नेहरू, सरदार बल्लभ भाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, लालबहादुर शास्त्री, इन्दिरा गांधी, एवं राजीव गांधी द्वारा बताये गये राष्ट्रीय सौहार्द के रास्ते का हमेशा अनुसरण करेंगे एवं किसी भी कीमत पर देश के राष्ट्रीय सौहार्द को नहीं बिगड़ने देंगे तथा राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर के कांग्रेसजन देश की एकता, अखण्डता एवं आपसी भाईचारे के लिए किसी भी कुर्बानी के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।
टिहरी जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द को लेकर नई टिहरी के सुमन पार्क में धरना दिया। साथ ही सामूहिक उपवास भी किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सूरज राणा ने कहा कि देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपवास कार्यक्रम रखा है। इसके तहत जिला मुख्यालय में उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
धरने में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, हीरा सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक राजकुमार, विजयपाल सजवाण, मदन सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र जैन, सूर्यकान्त धस्माना, महामंत्री गोदावरी थापली, नवीन जोशी, याकूब सिद्धिकी, शिल्पी अरोड़ा, डॉ केएस राणा, राजपाल खरोला, सुरेन्द्र रांगड़, मुख्य प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, प्रवक्ता डाॅ आरपी रतूड़ी, गरिमा दसौनी पूर्व प्रवक्ता, अजय सिंह, संजय भट्ट, संजय किशोर, महेन्द्र राणा, महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान, जिलाध्यक्ष जयेन्द्र रमोला, यामीन अंसारी, प्रभुलाल बहुगुणा, मनमोहन मल्ल, सतीश ढौंडियाल, अशोक वर्मा, नीनू सहगल सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।