कांग्रेस अध्यक्ष सैनिक परिवारों के जख्म न कुरेदें: शमशेर बिष्ट

0
441

देहरादून। राहुल गांधी शहीद सैनिकों के घर उनके जख्म कुरेदने जा रहे हैं जो दु:खद है। यदि राहुल गांधी में जरा सी नैतिकता होती तो वह घटना के बाद सैनिकों के घर पहुंचते लेकिन अब घर जाकर उनके मां बाप के जख्मों को कुरेदना केवल राजनीति है। उक्त बातें पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष पीटीआर शमशेर सिंह बिष्ट ने भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला को एक ज्ञापन भी सौंपा है।
शनिवार को पीटीआर शमशेर सिंह बिष्ट ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो सैनिकों को समर्पित व समर्थित है। सैनिकों से जुड़े 12 से अधिक मुद्दे जो वर्षों से लंबित थे और उन्हें केवल आश्वासन दिया जा रहा था, भाजपा सरकार ने आते ही सबका निपटारा किया। कुछ विसंगतियां अभी हैं जिनका समाधान जल्द ही पार्टी करेगी। पिछले 40 वर्षों से वन रैंक वन पेंशन की हो रही मांग को पूरी करके भाजपा ने सैनिकों को ऐतिहासिक तोहफा दिया है। पाकिस्तान की शह पर सैनिकों के विरुद्ध हो रही कार्रवाईयों पर लगाम लगाने का काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि उरी में कायरतापूर्ण और धोखे से सैनिकों को मारा गया था। इसका बदला तुरंत मोदी सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक कर ले लिया। सैनिकों के सम्मान में किए गए कार्यों के कारण ही पूर्व सैनिक संगठन पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ा है। उन्होंने विपक्ष को आइना दिखाया तथा राजनीति बंद करने की हिदायत दी। इस दौरान विधायक गणेश जोशी ने संगठन की पृष्ठ भूमि प्रस्तुत की तथा प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने पूर्व सैनिक वेल्फेयर एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के लगभग एक लाख सैनिक सदस्य हैं। इस संगठन का उत्तराखंड में विशेष महत्व है। उत्तराखंड जहां एक सैनिक बहुल राज्य है वहीं लाखों की संख्या में सैनिक और पूर्व सैनिक व उनके परिजन निवास करते हैं।