भाजपा विधायकों के विवाद को लेकर राजभवन पहुंची कांग्रेस

0
458

देहरादून,  कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक चैंपियन और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के विवादों से निकले फर्जी प्रमाणपत्र प्रकरण को लेकर आज राजभवन पहुंच कर राज्यपाल से भेंट की। इस दौरान कांग्रेस दल ने भाजपा के दोनों विधायकों में चल रही बयानबाजी की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस ने खानपुर भाजपा विधायक प्रणव सिंह चैंपियन द्वरा देशराज कर्णवाल पर फर्जी जाति प्रमाणपत्रों को लेकर उठाए गए आरोप को गंभीर बताया गया है।

कांग्रेस का कहना है कि, “भाजपा विधायक चैंपियन का यह आरोप प्रदेश की लिए बहुत ही शर्मनाक है। हालांकि इस पूरे प्रकरण पर भाजपा और सरकार अनभिज्ञ बनी हुई हैं। इसलिए सरकार की चुप्पी को देखते हुए कांग्रेस ने राज्यपाल से सच्चाई को जनता के सामने करने की मांग की है। कांग्रेस ने भाजपा विधायक प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल की बयानों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कठोर कार्यवाही करने की मांग की है।”

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक विक्रम सिंह नेगी, विजयपाल सिंह सजवाड़, आरपी रतूड़ी उपस्थित रहे।