बागेश्वर विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के दोनों बागी नेता लड़ेंगे चुनाव

0
478
कांग्रेस

उत्तराखंड में विधानसभा-2022 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपने दोनों बागी नेताओं बालकृष्ण और भैरव नाथ टम्टा को मनाने में कामयाब नही हुई। दोनों ही बागेश्वर विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे।

बागेश्वर विधानसभा में टिकट नही मिलने से कांग्रेस के दो नेताओ ने विरोध जताते हुए नामांकन किया था। कांग्रेस पार्टी जिलाध्यक्ष लोकमणि पाठक बार-बार कह रहे थे कि दोनों कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं, वह जल्द अपना फैसला बदल लेंगे, लेकिन नाम वापसी के अंतिम दिन किसी भी नेता ने अपना नाम वापस नहीं लिया। दोनों चुनावी मैदान में उतर चुके हैं और दाेनों ने अपना-अपना प्रचार भी शुरू कर दिया है।

इन दोनों के मैदान में उतरने से कांग्रेस पार्टी को खासा नुकसान उठाना पड़ सकता है। बागी नेताओं को मनाने के लिए पार्टी के शीर्ष नेता लगातार कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनको मनाने में कोई भी सफल नही हो पाया। बालकृष्ण पिछले चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार भी रहे हैं जबकि भैरव नाथ टम्टा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। दोनों के मैदान में उतरने से चुनावी माहौल गरमा गया है। बागियों के मैदान में जमे रहने के बाद कांग्रेस की चुनावी डगर चुनौतीपूर्ण हो गई है। एक ओर जहां कांग्रेस के रंजीत दास पहली बार विधायक का चुनाव लड़ रहे हैं वहीं उनके सामने तीन बार के विधायक चंदन राम दास के अलावा अपनी पार्टी के दो बागियों से पार पाने की चुनौती है।