प्रवासियों के लिए जिला मुख्यालयों में बनाए जाएं एकांतवास केंद्र : प्रीतम सिंह

0
639
प्रीतम सिंह
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया है कि प्रवासी उत्तराखंडियों को एकांतवास करने के लिए बनाए गए बेस शिविरों में जगह कम पड़ने पर जिला, तहसील और ब्लाक मुख्यालयों में भी एकांतवास केन्द्र बनाए जाएं।
सिंह ने कहा है कि  प्रदेश के ग्रामीण एवं पर्वतीय जनपदों में जिन प्रवासी नागरिकों की वापसी हो रही है उन्हें आवश्यक रूप से एकांतवास किया जाना है। इसकी व्यवस्था बेस शिविरों में ही की जानी चाहिए। साथ ही यहां संख्या बढ़ने पर जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय और ब्लाक मुख्यालयों में भी एकांतवास केंद्र बनाए जाएं, जिससे यह महामारी गांवों में न फैल पाए।
उन्होंने कहा है कि ऐसी सूचना मिली है कि बाहरी राज्यों से आने वाले नागरिकों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सीधे उनके गांव भेजा जा रहा है। इसकी सारी जिम्मेदारी ग्राम प्रधान पर डाली गई है। सरकारी आंकडों के हिसाब से उत्तराखण्ड के ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में बाहर से आने वाले नागरिकों की संख्या बहुत अधिक है। ऐसे में उन सभी की जिम्मेदारी साधनविहीन ग्राम प्रधानों को दिये जाने का निर्णय किसी भी स्थिति मे न्यायोचित नहीं है।