अपनी हार और नंबर तीन की पार्टी के सामने समर्पण की खुशी मना रहे कांग्रेसीः भसीन

0
701

देहरादून। कर्नाटक में मुख्यमंत्री येदुरप्पा के त्याग पत्र देने के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा मिठाई बांटने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस नेता यह मिठाई कर्नाटक में कांग्रेस की पराजय व उसके बाद तीसरे नंबर की पार्टी के सामने समर्पण करने की खुशी में बांट रहे हैं।
शनिवार को एक बयान में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री येदुरप्पा ने सदन में बहुमत न होने के कारण लोकतंत्र की मर्यादा के अनुरूप अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा बांटी जा रही मिठाई बांटने से यह लग रहा है कि मानो वे कर्नाटक की जनता द्वारा कांग्रेस को नकार दिए जाने और कांग्रेस की सीटें लगभग आधी रह जाने से खुश हैं। इसके बाद कांग्रेस की दुर्गति यह हुई है कि सत्ता की भूख के चलते उसने चुनाव में तीसरे स्थान पर रही पार्टी जेडीएस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। डॉ. भसीन ने कहा कि कांग्रेस की इस दुर्गति के बावजूद कांग्रेस नेता जो मिठाई बांट रहे हैं तो उससे साफ है कि उनका स्तर क्या हो गया है। इससे यह भी सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस में सत्ता की इतनी भूख है कि वह अपमान सहन करते हुए पिछले दरवाजे से सत्ता में आने के लिए भी तैयार है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को नकारते हुए भाजपा के पक्ष में मत दिया । कुछ सीटों की कमी का मतलब यह नहीं कि भाजपा पराजित हो गई है। भाजपा कांग्रेस व जेडीएस से बहुत आगे हैं। डॉ. भसीन ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस व जेडीएस का जो बेमेल गठबंधन सत्ता में आ रहा है वह अधिक टिकाऊ नहीं होगा। यह बात पिछले इतिहास से भी समझी जा सकती है और वही बात फिर दोहराई जाने वाली है।