मुख्यमंत्री के मोबाइल एप पर शिकायत पर हुआ असर

0
1023
जल जीवन मिशन

नई टिहरी की दिव्यांग एवं वृद्ध महिला के घर पर लगा पानी का कनेक्शन
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के मोबाइल एेप के माध्यम से टिहरी जनपद के विकासखंड चम्बा के भेटुडी ग्राम की दिव्यांग वृद्ध महिला आनन्दी उनियाल के पानी के नए कनेक्शन की समस्या का त्वरित समाधान हुआ है। उनियाल पेयजल की समस्या से परेशान थी, उन्हें काफी समय से पानी गांव के दूसरे स्रोत से लाना पड रहा था। उन्होंने अपनी समस्या नगरपालिका परिषद टिहरी की वार्ड नं 09 की सभासद उर्मिला महर सिलकोटी को बताई। महर ने दिव्यांग वृद्ध महिला की समस्या के निदान के लिए समस्या मुख्यमंत्री एप पर भेजी। इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा एम.डी. उत्तराखण्ड पेयजल निगम को इस शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया।
एमडी पेयजल निगम ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम निर्माण शाखा नई टिहरी को दिव्यांग वृद्ध महिला आनन्दी उनियाल के घर पर तुरंत पानी का नया कनेक्शन लगाने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में अधिशासी अभियन्ता जल निगम निर्माण शाखा नई टिहरी के द्वारा गत 31 मार्च, 2018 भेटुडी गांव की दिव्यांग वृद्ध महिला के घर पानी का कनेक्शन सारज्यूला पम्पिंग योजना के तहत उपलब्ध करा दिया गया। पानी का नल घर पर लगने और पानी सुचारू रूप से आने पर आनन्दी उनियाल ने कहा कि वह अपने घर पर पानी का कनेक्शन लगाने के लिए कई जगह गुहार लगा चुकी थी। वृद्ध होने के कारण दूर से पाने लाने पर उन्हें प्रतिदिन काफी तकलीफ हो रही थी। तब सामाजिक कार्यकर्ता उर्मिला मेहर ने उनकी मदद करने का बीड़ा उठाया और उन्होंने पानी की समस्या के समाधान के लिए इसकी शिकायत मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के मोबाइल एप पर की। मुख्यमंत्री का यह एप्प गरीब व बेसहारा लोगों के लिये काफी लाभदायक सिद्ध हो रहा है।