अपने मंत्रियों को चिट्ठी लिख क्या कहा धामी ने?

0
331
धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जनपदों के प्रभारी मंत्रियों को पत्र लिखकर जनपदों में आपदा राहत कार्यों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण करने की अपेक्षा की है।

मुख्यमंत्री ने जनपद प्रभारी मंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और उनके सुविधा को ध्यान में रखते हुए अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में अविलम्ब भ्रमण किया जाए। साथ ही कहा है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण, बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा कर वितरण एवं प्रभावित परिवारों की कुशल क्षेम ली जाए। क्षतिग्रस्त कार्यों का पुनर्निर्माण की कार्यवाही त्वरित गति से सम्पन्न कराने की व्यवस्था को सही किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आपदा से प्रभावित जनमानस को आसानी से राहत पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तराखण्ड राज्य के लगभग समस्त जनपद अतिवृष्टि के कारण आपदा से अत्यधिक प्रभावित हुए हैं। इस आपदा से जनपदों में भूस्खलन, बाढ़ इत्यादि के कारण अत्यधिक नुकसान एवं जनहानि भी हुई है। उक्त आपदा की स्थिति से निपटने के लिये सरकार निरन्तर राहत एवं बचाव कार्यों के लिये पूर्णरूपेण प्रयासरत है। इस सम्बन्ध में सभी से व्यक्तिगत ध्यान देने के साथ ही आवश्यक सहयोग की भी अपेक्षा की है।