सीएम ने गैरसैंण में भाजपा प्रत्याशी के लिए जीत का आशीर्वाद मांगा

0
554

गोपेश्वर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को चमोली जिले के गैरसैंण के रामलीला मैदान में चुनावी जन सभा को संबोधित करते हुए गढ़वाल लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत के लिए जनता का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने प्रदेश हित में अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिसका प्रतिफल है कि आज प्रदेश विकास की ओर अग्रसर है।
गैरसैंण में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि केंद्र की सत्ता एक मजबूत हाथों में है और देश विकास कर रहा है। भाजपा के शासन काल में जो भी फैसले लिए गए वह सब जनहित में हैं। इससे जनता खुश है और आगे भी ऐसा ही विकास चाहती है। उन्होंने कहा कि वह चुनावी प्रचार का प्रारंभ सूबे के दूरस्थ क्षेत्रों ओखल कांडा, बेताल घाट गैरसैंण से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जीरो फीसदी पर किसान को कर्ज तथा राज्य के 23 लाख परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान किया गया है। हमारा राज्य देश का पहला राज्य है जो एयर एंबुलेंस भी संचालित कर रहा है। केंन्द्र और राज्य सरकार की तमाम योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले पांच सालों में भारत विश्व का नंबर एक देश होगा।
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वह समूहों के रूप में बद्री केदार धामों के लिए प्रसाद का उत्पादन करें ताकि उनकी आर्थिकी मजबूत हो सके। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
भाजपा प्रत्याशी तीरथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है वे अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में सात बार उत्तराखंड आए हैं। उन्हें उत्तराखंड से अगाथ प्रेम है। इसीलिए उन्होंने उत्तराखंड के विकास के लिए करोड़ों की सौगात दी है। चाहे ऑल वेदर रोड हो या उत्तराखंड के पर्वतीय भागों में रेल मार्ग की स्वीकृतियां हों। जहां अन्य पार्टियां अपने अस्तित्व के लिए लड़ रही है वहीं भाजपा राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान उत्तराखंड के प्रभारी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू, भाजपा जिला चमोली और बद्रीकेदार मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, कर्णप्रयाग विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व विधायक अनिल नौटियाल, राकेेश कुमार डिमरी आदि ने भी अपने विचार रखे।
भाजपा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत ने रविवार को ही पोखरी में रोड़ शो कर पोखरी की जनता से वोट व आशीर्वाद मांगा। इस मौके पर बदरीनाथ विधान सभा के विधायक महेंद्र भट्ट, मीडिया प्रभारी महावीर रावत सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद थे।