प्रवासी भारतीयों ने दुबई में मुख्यमंत्री धामी का किया स्वागत

0
291
धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अधिक से अधिक निवेशकों की भागीदारी को लेकर लन्दन के बाद अब दुबई और आबूधाबी के भ्रमण पर हैं। सोमवार को धामी के दुबई एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों की ओर से स्वागत किया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री ने दुबई में रह रहे समस्त प्रवासी भारतीयों का आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री धामी ‘इन्वेस्ट इन उत्तराखंड’ अभियान के तहत संयुक्त अरब अमीरात में उद्योगपतियों एवं प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे। उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं पर आयोजित बैठकों में भी मुख्यमंत्री प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ योग, आध्यात्मिक की भी भूमि है। उत्तराखंड देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी जड़े उत्तराखंड से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने सभी प्रवासी उत्तराखंडियों का आह्वान करते हुए कहा कि वह साल में एक बार अपने प्रदेश उत्तराखंड ज़रूर आएं। इससे उनकी भावी पीढ़ी को भी अपनी मातृभूमि से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रवासी भाइयों ने अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से स्वयं के साथ अपनी मातृभूमि का भी नाम रोशन किया है। यह हम सभी के लिये सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अपने अप्रवासी भाई-बहनों और उत्तराखंड सरकार के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने और उनके निवेश प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक उत्तराखंड अप्रवासी सेल बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि अब तक 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं। हमारा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट दिसम्बर में 2.5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य है। बड़ी संख्या में उत्तराखंड के प्रति देश विदेश के उद्यमियों की ओर से की जा रही पहल से हम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये आशान्वित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व भर में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। आज विदेशों में भी एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डा.धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दुबई पहुंचने पर उत्तराखंड एसोसिएशन ऑफ यूएई और भारतीय प्रवासियों ने स्वागत समारोह का आयोजन किया। मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को उत्तराखंडी टोपी भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में धामी का जोरदार स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने समस्त प्रवासी उत्तराखंडियों से वर्ष में एक बार उत्तराखंड आने की अपील की। साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में धार्मिक पर्यटन, अध्यात्म, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर देवभूमि उत्तराखंड के प्रवासी नागरिकों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड एसोसिएशन ऑफ यूएई व भारतीय प्रवासियों का इस आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।