पर्यावरण दिवस : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह ने की सफाई, पर्यटन मंत्री ने रोपे पौधे

0
450
CM TSR cleanliness drive on world environment day
Cleanliness Drive
देहरादून। राजधानी देरादून सहित प्रदेशभर में विश्च पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के मद्देनजर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजधानी देहरादून में बुधवार को बिन्दाल नदी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान में मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने हिस्सा लिया और जमकर सफाई की। इस अवसर पर उन्होंने ‘जटायु’ वैक्यूम क्लीनर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व वृक्षारोपण को हमें अपनी दिनचर्या में शामिल करना होगा। मानसून में रोज कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पालिथीन मुक्त उत्तराखंड बनाने के संकल्प को जनता के सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है। पर्यावरण संरक्षण में उत्तराखंड वासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश सरकार समृद्ध जैव संसाधनों के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। इस मौके पर दून मेयर सुनील उनियाल गामा आदि मौजूद रहे।
पर्यटन मंत्री ने स्वच्छता के प्रति दिलाई शपथ
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने स्वच्छ गढ़वाल एवं स्मृति वन अभियान के तहत गुच्चुपानी स्थित पर्यटन स्थल पर रुद्राक्ष का पौधरोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण का अह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रदेशवासी सप्ताह में दो घंटे स्वच्छता में लगाए। कहा कि यदि हम कूड़ा पैदा कर सकते हैं तो उसे साफ भी कर सकते हैं। यह भावना हर परिवार के प्रत्येक सदस्यों में होनी चाहिए। देश स्वच्छ रहेगा तो भारत माता भी स्वच्छ रहेंगी। उन्होंने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सपथ दिलाई। इस मौके पर मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा आज सरकार के प्रयासों से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता आई है। सभी को संकल्प लेकर अपने घर से, अपने मोहल्ले से इस अभियान को आगे बढ़ाना होगा।
पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प
जानकी देवी ऐजूकेशनल वेलफेयर सोसाईटी के तत्वावधान में खलंगा स्मारक पार्क सहस्त्रधारा रोड़ में पौधरोपण का कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दून इण्टरनेशनल स्कूल के अध्यक्ष डीएस मान ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थ्ति अनेक लोगों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जानकी देवी ऐजूकेशनल वेलफेयर सोसाईटी के चेयरमैन संजय जोशी, निदेशक सारिका प्रधान, कविता चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी
उधमसिंह नगर जिले में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद सहित सभी तहसीलों व विकास खण्डों में पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जनपद में मुख्य कार्यक्रम विकास भवन परिसर व कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान मुख्य विकास अधिकारी मयूर दीक्षित की देख रेख में आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा इस कार्यक्रम का मुख्य उदेश्य पर्यावरण को संरक्षित व सवंर्धित करना है। उन्होंने कहा पर्यावरण की सुरक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होने कहा पर्यावरण के संरक्षण के लिये हम सभी को अपना योगदान पेड लगा कर व पेड बचा कर कराना होगा साथ ही हमे जल संरक्षण व संवर्धन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।