नागरिक संशोधन बिल संविधान की मूल भावना पर चोट : प्रीतम सिंह  

0
647
देहरादून,  कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने नागरिक संशोधन बिल पर भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि संसद के निचले सदन से बहुमत के बल पर पारित यह बिल डॉक्टर अम्बेडकर के द्वारा निर्मित संविधान की मूल भावना पर फासिस्टवादी बीजेपी की मोदी सरकार का जबरदस्त प्रहार है। उन्होंने यह बात प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बिल का पुरजोर विरोध संसद के दोनों सदनों व सड़क पर उतर कर करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत अनेकता में एकता का सिद्धांत है और आज की सरकार उस सिद्धांत को नष्ट भ्रष्ट करने पर तुली है। पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी ने कहा कि मोदी सरकार देश में धर्म के नाम पर केवल नफरत फैला कर अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने का काम कर रही है। 
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि संसद में बहुमत के बल पर जिस कानून को बनाने का काम बीजेपी कर रही है उससे देश के संविधान का वो चरित्र ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक को उसके धर्म को मानने की स्वतंत्रता संविधान देता है। भारत के संविधान में कहीं भी हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई जैन या बौद्ध शब्द नहीं है और बीजेपी एक सोची समझी साजिश के तहत नया कानून बना कर भारत के संविधान के धर्मनिरपेक्ष चरित्र पर धब्बा लगाने का काम करना चाह रही है। 
इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय से जुलूस निकाल कर राजपुर रोड पर प्रदर्शन कर मोदी सरकार का पुतला दहन किया।