मुख्यमंत्री धामी ने यूक्रेन में फंसे लोगों की वापस के लिए प्रधानमंत्री से की बात

    0
    364
    धामी

    मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी ने यूक्रेन में रह रहे उत्तराखंड के लोगों को वहां से वापस लाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इस बाबत मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से भी बात की है। इसके साथ ही शासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए विवरण जुटाने को कहा है।

    मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी ने विदेश में रह रहे उत्तराखंड के लोगों के परिजनों से भी बात की है। मुख्यमंत्री ने यूक्रेन में पढाई कर रहे सूर्यांश की माता रश्मी बिष्ट से बात की। मुख्यमंत्री ने आस्था पोखरियाल और श्रेया सिंह के बारे में भी जानकारी ली, वहीं अंकुर वर्मा के पिता से भी बात की। मुख्यमंत्री ने उन सभी के सुरक्षित वापसी का भरोसा दिया। साथ ही प्रशासन को यूक्रेन में रह रहे और लोगों की जानकारी जुटाने के आदेश दिए हैं।

    इस संबंध में शासन के प्रमुख सचिव की ओर से समस्त जिला मजिस्ट्रेट/समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से उत्तराखंड राज्य से यूक्रेन में निवासरत नागरिकों के विवरण जुटाने के आदेश दिए गए हैं। जिसमें कहा गया है कि वर्तमान में यूक्रेन में राजनीतिक परिस्थितियों के दृष्टिगत यूक्रेन में निवासरत उत्तराखण्ड राज्य के नागरिकों का विवरण, यथा- उनका नाम, उत्तराखण्ड राज्य एवं यूक्रेन में पता, मोबाइल नम्बर, ई-मेल, पासपोर्ट नम्बर इत्यादि प्राप्त किया जाना अपरिहार्य है, जिससे उनकी सुरक्षा के संबंध में विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के माध्यम से अग्रेत्तर आवश्यक कार्यवाही की जा सके। अपने-अपने जनपदों से यूक्रेन गये राज्य के नागरिकों के सम्बन्ध में आपातकालीन नम्बर-112 पर विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके साथ ही प्रतिदिन पूर्वान्ह 10 बजे तक शासन को ई-मेल आईडी[email protected] उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।