विवादों के ‘चैंपियन’ का कटा टिकट

0
277
प्रणव

हमेशा विवादों में रहने वाले खानपुर से दबंग विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ का भाजपा ने टिकट काट दिया है। इस बार उनके सीट पर उनकी पत्नी कुंवरानी देवयानी को टिकट दिया गया है। उनका टिकट कटने के पीछे उनका हमेशा विवादों में रहना बताया जाता है।

विवादों में रहने के कारण इन्होंने कई बार प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा कर दिया था। कुछ समय पहले इन्होंने उत्तराखंड के पहाड़ी लोगों के लिए विवादित बयान दिया था। इसका काफी विरोध भी हुआ था। विरोध इतना ज्यादा रहा कि रुड़की से लगे बूचड़ी में जिन पहाड़ के लोगों ने इनकी मूर्ति लगाई थी उन्हीं लोगों ने उस मूर्ति को तोड़ दिया।

प्रेस क्लब रुड़की के उपाध्यक्ष अली खान ने बताया कि कुंवर का टिकट कटने का एक सबसे बड़ा कारण पहाड़ के लोगों पर गलतबयानी करना रहा है। पार्टी को लग रहा था कि इससे पहाड़ी सीटों पर पार्टी को नुकसान हो सकता है।

कुछ महीने पहले कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन रुड़की के पत्रकारों से भीड़ गए थे। पत्रकारों को अपशब्द बोले थे। पत्रकारों ने इसका विरोध भी किया था। प्रेस क्लब रुड़की के पत्रकारों ने विरोध प्रदर्शन कर नका पुतला दहन तक किया था। प्रेस क्लब रुड़की के अध्यक्ष उमेश शर्मा कहते हैं, ‘चैंपियन कभी भी एक राजनेता सा व्यवहार नहीं करते। वे राजा-महराजा जैसा व्यवहार करते हैं। पत्रकारों के साथ उपशब्द बोलते रहते हैं।’ इस तरह के कई विवादों से कुंवर प्रणव सिंह का संबंध रहा है।

इन विवादों के कारण ही विधायक कुंवर प्रणव सिंह ‘चैंपियन’ का टिकट काट दिया गया है। चैंपियन तमंचा लहराने जैसे अन्य विवाद से भी सुर्खियों में रहे थे। पार्टी ने उन्हें कुछ समय के लिए निष्कासित भी कर दिया था, लेकिन बाद में भाजपा में उनकी वापसी हो गई थी। भाजपा किसी विवादित चेहरे को टिकट देने के पक्ष में नहीं है इसलिए उनकी पत्नी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।