सीमांत क्षेत्र में आपदा से निपटने के लिए लोगों को प्रशिक्षत करें पूर्व सैनिक: वीके सिंह

0
965

(पिथौरागढ़) सीमांत बसंतोत्सव के दूसरे दिन केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री व पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह व केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मंगलवार को पूर्व सैनिक व शहीद सम्मान समारोह का दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने उत्तराखण्ड के वीर सपूतों को नमन करते हुए पूर्व सैनिकों को राज्य हित में आगे आने को कहा।

मंगलवार को देव सिंह मैदान में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह शामिल हुए। जनरल वीके सिंह व केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा का सीमांत सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष कैलाश थपलियाल, उपाध्यक्ष ललित पंत, संयोजक राकेश देवलाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत ने जोरदार तरीके से स्वागत किया। इससे दोनों केन्द्रीय राज्य मंत्री अभिभूत नजर आए।

पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह ने भारतीय सेना कुमाऊं रेजीमेंट की अराध्य देवी मां महाकाली के जयकारे और प्रणाम के बाद सैनिक व शहीद सम्मान समारोह से अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सीमांत सेवा फाउंडेशन के प्रयासों की जमकर प्रशंसा की। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने भी मां महाकाली के जयकारे लगाए।जिससे सम्मेलन का वातावरण पूरी तरह से कुछ समय के लिए धार्मिकता से भर गया।

वीके सिंह ने प्रदेश को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील बताते हुए पूर्व सैनिकों से इसे चुनौती के रूप में लेने को कहा। सीमांत क्षेत्र में आपदा के खतरे अधिक हैं। इसलिए पूर्व सैनिक गांवों में जाकर यहां के लोगों को प्रशिक्षित करने का काम करें। कहा कि सेना में जाति, संप्रदाय के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है। पूर्व सैनिक अपने को कभी भी पूर्व न समझें। वे स्कूलों में जाकर लोगों को सेना के बारे में छात्र छात्राओं को जागरूक करें।

उन्होंने उत्तराखण्ड से हो रहे पलायन पर बोलते हुए कहा कि यह चिंताजनक है। गांवों में सुविधाओं का विस्तार कर पलायन रोकना बहुत जरुरी है।कहा कि वे सेना में सेवा के दौरान कुमाऊं रेजीमेंट में सेवा दे चुके हैं। राष्ट्र रक्षा के लिए इस रेजीमेंट के जवानों में जो जज्बा है, वह किसी में नहीं है।

पिथौरागढ़ में शीघ्र खुलेगा पासपोर्ट कार्यालय

वीके सिंह ने पिथौरागढ़ में पासपोर्ट कार्यालय खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार अगले एक साल में देश के सभी प्रमुख डाकघरों में पासपोर्ट कार्यालय खोलेगी। इससे लोगों को पासपोर्ट बनाने में आसानी होगी।इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंचेश्वर बांध को लेकर कहा कि नेपाल के साथ हमारे रोटी बेटी व सांस्कृतिक ,धार्मिक संबंध हैं। पंचेश्वर बांध बने या नहीं नेपाल का पानी हर तरह से भारत में ही आएगा और कहीं नहीं जाएगा। वीके सिंह ने कहा कि कुमाऊं वीरों की धरती है, यहां के लोगों ने हमेशा राष्ट्र की रक्षा में अग्रिम पंक्ति का योगदान दिया है। वीर नारियों का हर समय सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही कहीा कि पूर्व सैनिकों को ईसीएचएस से और बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। इस मामले में उन्होंने केन्द्रीय रक्षा मंत्री से बात की है।