नकली अनुराग कश्यप के खिलाफ पुलिस केस

0
491

मुंबई,  मधुर भंडारकर की फिल्म कलैंडर गर्ल्स में काम कर चुकी अभिनेत्री रुही सिंह ने आरोप लगाया है कि अनुराग कश्यप बनकर कोई आदमी उनको परेशान कर रहा है। रुही सिंह ने मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिनों पहले रुही सिंह से एक आदमी ने ये कहकर संपर्क किया कि वो अनुराग कश्यप है और अपनी अगली फिल्म में उनको कास्ट करने के सिलसिले में मिलना चाहता है। रुही का कहना है कि उस आदमी ने उनको अश्लील संदेश भेजने शुरु कर दिए और शादी तक की बात करने लगा, तो रुही को संदेह हुआ। कहा जा रहा है कि रुही सिंह किसी तरह से असली अनुराग कश्यप तक पंहुचने में सफल रहीं और अनुराग कश्यप की सलाह पर ही उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया है। साथ ही रुही ने पुलिस को उस आदमी द्वारा भेजे गए संदेशों के स्क्रीन शाट भी भेजे हैं।

पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। अनुराग कश्यप ने कुछ दिनों पहले कहा था कि सोशल मीडिया में उनके नाम से कई नकली लोगों ने अकाउंट बना लिया है। उन्होंने नए कलाकारों से ऐसे नकली लोगों से सावधान रहने को भी कहा था। रुही सिंह का कहना है कि पुलिस में मामला दर्ज होने के बाद वे उम्मीद कर रही हैं कि अब उनका मानसिक यंत्रणा का दौर खत्म हो जाएगा।