रंग ला रहा है पुस्तक दान अभियान

0
785
ऋषिकेश,  ग्राम सभा खदरी खड़कमाफ में युवाओं के निःशुल्क उपयोग के लिए सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना की जानी है। इसके लिए पुस्तक दान अभियान रंग ला रहा है।
खदरी खड़कमाफ में प्रगति पुरम निवासी समाजसेविका मनीषा वर्मा ने शैक्षणिक पुस्तकों का एक सैट अभियान के संयोजक विनोद जुगलान को भेंट किया।उन्होंने बताया कि ये पुस्तकें उन्होंने गांव के बच्चों के लिए अपने परिचितों से आग्रह कर जुटाईं हैं।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण विद विनोद जुगलान खदरी खड़कमाफ में युवाओं के लिए निःशुल्क सार्वजनिक पुस्तकालय की स्थापना के लिए प्रयासरत हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से चलाई गई इस मुहिम में ग्रामीण और शहर केे नागरिक स्वयं और अपने बच्चों की प्रयोग की गई पुस्तकें भेंट कर रहे हैं।
मुहिम का उद्देश्य ऐसे युवाओं को पाठ्यक्रम से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराना है जो प्रशासनिक सेवा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं किंतु आर्थिक तंगी के कारण इन पुस्तकों को खरीदने में सक्षम नहीं हैं। साथ ही इसके जरिए स्थानीय वृद्धजनों और सेवा निवृत्त प्रौढ़ लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अब तक इस अभियान में कुनाउ निवासी सेना के सूबेदार सुरेश पयाल, ऋषिकेश निवासी डॉ. राजेश अमोली, मुनिकीरेती निवासी महन्त मनोज द्विवेदी, साहित्यकार प्रबोध उनियाल, देहरादून निवासी निकिता गुसाईं एवं अंशुल कल्याणी आदि अपनी महत्ववपूर्ण भूूमिका निभा चुके हैं। इनके अतिरिक्त मुहिम में ऋषिकेश की तहसीलदार रेखा आर्य ने अपने पीसीएस नोट्स सहित प्रतियोगी पुस्तकें भेंट की हैं।