उत्‍तराखंड की पांचों सीट पर भाजपा की जीत, फिर खिला कमल

0
953
BJP victory on 5 seats in Uttarakhand
BJP Candidates Uttarakhand

(देहरादून) उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों में पांचों सीटों पर एक बार फिर कमल खिलना तय है। मतगणना को लेकर जैसे रुझान मिल रहे हैं, उससे तो यही तस्वीर सामने आ रही है। पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जबर्दस्त बढ़त बनाए हुए हैं और इससे यह साफ है कि राज्य में कांग्रेस का लगातार दूसरी बार सूपड़ा साफ होना तय है।

दोपहर 12 बजे तक की तस्वीर देखें तो हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा सांसद भाजपा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अंबरीश कुमार पर 75271 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। नैनीताल सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर 171204 की बढ़त से जीत की ओर अग्रसर हैं। अल्मोड़ा में केंद्रीय राज्यमंत्री भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज्यसभा सदस्य कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा से कहीं आगे निकल गए हैं।

दोपहर 02:30 बजे तक की मतगणना अपडेट
  • दोपहर 02:30 बजे तक हरिद्वार सीट पर भाजपा के प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक को 562906 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी अंबरीष कुमार को 368696 वोट मिले हैं।
  • पौड़ी सीट से भाजपा प्रत्याशी तीरथ सिंह रावत 459481 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी मनीष खंडूड़ी 190070 वोट पर बने हुए हैं।
  • टिहरी सीट पर भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह 474571 और कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह 226410 वोट पर बने हुए हैं।
  • नैनीताल सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को 642195 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत को 380253 वोट मिले हैं।
  • अल्मोड़ा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा 396687 और कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टमटा 190888 वोट मिले हैं।

लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में प्रदेश की सभी पांचों सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान हुआ। सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही नजर आ रहा था। यह चुनाव दोनों ही दलों के लिहाज से महत्वपूर्ण था। भाजपा के सामने जहां 2014 का प्रदर्शन दोहराने की चुनौती थी, वहीं कांग्रेस के सामने अपनी साख बचाने की। इसे देखते हुए दोनों ही दलों की नजरें चुनाव नतीजों पर टिकी थीं। गुरुवार को मतगणना शुरू होते ही सभी प्रत्याशियों और उनके समर्थक सुबह से ही समाचार चैनलों पर टकटकी लगाए बैठ गए।

राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई तो धुकधुकी और तेज हो गई। मतगणना की शुरुआत से ही भाजपा प्रत्याशियों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त लेनी शुरू कर दी। मतगणना चक्र जैसे-जैसे आगे बढ़े, वैसे-वैसे भाजपा प्रत्याशियों की बढ़त में भी इजाफा होता चला गया। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था।

दोपहर 12 बजे तक की तस्वीर पर नजर दौड़ाएं तो भाजपा एक बार फिर क्लीनस्वीप की ओर बढ़ रही थी। सभी पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशी निर्णायक बढ़त की ओर अग्रसर थे। हरिद्वार सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं मौजूदा सांसद भाजपा प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक 276075 मतों से आगे थे। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अंबरीश कुमार को 208580 मत ही मिल पाए थे। बसपा के अंतरिक्ष सैनी को तब तक 83999 मिले थे।