बागियों के दबाव से भाजपा को बचना होगा: त्रिवेंद्र

0
322
राजनीति
FILE

उत्तराखंड में राजनीति पल-पल माशा पल-पल तोला बदल रही है। कांग्रेस से आए विधायकों और उनके बयानों के कारण स्थितियां लगातार गंभीर हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार को देहरादून में इसी मामले पर जोरदार हमला बोला।

कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के बयानों को लेकर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को बागियों के दबाव मे नहीं आना है। यह लोग हवा के झोंके के साथ बदलते रहते है, इनके बयानों से पार्टी को परेशान नहीं होना चाहिए वरन बचकर रहना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत पर प्रहार करते हुए कहा कि कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हवा के झोंके के साथ अपने लाभ के लिए दल बदलते रहते हैं, ऐसे लोग कभी कांग्रेस से भाजपा में तो कभी भाजपा से कांग्रेस में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग किसी के भी बफादार नहीं होते। त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संगठन से आग्रह किया है कि संगठन को ऐसे लोगों के दबाव में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने पार्टी छोड़ने का दबाव बनाने वाले लोगों को साफ-साफ संकेत दिया है कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता ही संगठन को ऊंचाई देता है। हमें केवल अपने कार्यकर्ता मजबूत करने हैं। चुनाव बयार में सूखे पत्ते अपने आप उड़ते रहते हैं, उनके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि यह लोग अपने लाभ के लिए लगातार बयानबाजी करते जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी जैसे संगठन को इनके बयानों से बढ़ने वाले दबाव और प्रभाव दोनों को कम करना है तथा इनके दबाव में नहीं आना है।