महापौर और पार्षद पद के टिकट के दावेदारों को बीजेपी ने दी नसीहत

0
673

(देहरादून) नगर निकाय चुनावों को लेकर महानगर भाजपा कार्यालय में हुई बैठक में महापौर और पार्षद पद के टिकट की दावेदारी करने वालों को कई नसीहतें दी गईं। कहा गया कि पार्टी चाहे जिसे प्रत्याशी बनाए, उन्हें पूरे मनोयोग से जिताने का काम करना है। अगर किसी को किसी की सूरत पसंद न हो, बावजूद इसके कमल के फूल को खिलाने के लिए एकजुट हों।
बैठक में काबीना एवं जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि चुनाव की रणभेरी कभी भी बज सकती है। हमें पूरी तरह तैयार रहना है। विधानसभा चुनाव की तरह ही नगर निकाय चुनावों में सफलता प्राप्त करनी है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां बताएं। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए हर चुनाव अहम होता है। इसलिए हमें अपने-अपने बूथ को और मजबूत करना होगा। भजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) संजय कुमार ने कहा कि पार्टी स्थापना दिवस यानी छह अप्रैल को बूथ स्तर पर कार्यक्रम होंगे। इसमें सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही मंडल स्तर पर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी होगा। जनता को सरकार की योजनाओं के साथ पार्टी के सिद्धांतों के बारे में बताएं, जिसका लाभ चुनाव में होगा। प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भाजपा धूमधाम से मनाएगी। गोष्ठी और स मेलन होंगे, जिसके जरिये जनता को जागरूक किया जाएगा और बताया जाएगा कि भाजपा ने ही डॉ. अंबेडकर को सबसे ज्यादा स मान दिया है। बैठक में महापौर एवं विधायक विनोद चमोली, मसूरी विधायक गणेश जोशी, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष नीलम सहगल, भाजपा के प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, भाजपा नेता उमेश अग्रवाल, पुनीत मित्तल, अनिल गोयल, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष श्याम पंत, आदित्य चौहान आदि मौजूद रहे।
दलित आंदोलन पर न करें टिप्पणी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि सोशल मीडिया या सार्वजनिक कार्यक्रमों में दलित आंदोलन पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी न करें। यह बेहद संवेदनशील मुद्दा है और अराजक तत्व समाज को बांटने की साजिश रच रहे हैं। हमें स्थिति को समझते हुए सावधान रहना है।