आरोप लगाने से पहले अपने गिरेवान में झांके कांग्रेस : भट्ट

0
614
Ajay bhatt

(देहरादून) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान व कांग्रेस के समय की अव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उठाए जा रहे क़दमों से कांग्रेस नेता बौखला गए हैं और वे अनर्गल बयान दे रहे हैं।

भट्ट ने कहा कि “कांग्रेस शासन के समय राज्य में सर्वत्र भ्रष्टाचार था। अब भ्रष्टाचार पर नकेल कसी जा रही है। इसके दायरे में कांग्रेस के नेता भी आ रहे हैं। इससे कांग्रेस नेता सकते में हैं।” उन्होंने कहा कि एन एच 74 घोटाले में एसआइटी की जाँच निष्पक्ष रूप में आगे बढ़ रही है। मामले खुलते देख कांग्रेस नेता चिन्ता में पड़ गए है। यदि कांग्रेस नेता ईमानदार हैं तो उन्हें जाँच में सहयोग देना चाहिए। लेकिन वे जनता का ध्यान बाटने के लिये अनर्गल बाते कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता के मामले में कांग्रेस के समय हुए बड़े घपले सामने आ रहे हैं। अब जब राज्य सरकार नियमों के तहत कार्यवाही कर रही है तो कांग्रेस नेता परेशान हैं। कांग्रेस के समय सहकारिता को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया गया था। किंतु अब उसे गर्त से बाहर निकाला जा रहा है। लोकायुक्त के मामले में भी कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ रहा है।


प्रदेश में लोकायुक्त के बारे में भट्ट ने कहा कि आज यदि उत्तराखण्ड में लोकायुक्त नहीं है तो उसके लिए कांग्रेस ज़िम्मेदार है। उन्होंने कहा कि राज्य में जनरल बीसी खण्डूरी के मुख्यमंत्री काल में 2011 में लोकायुक्त अधिनियम पारित होने के साथ उस पर 2013 में राष्ट्रपति की स्वीकृति भी मिल गई थी। लेकिन कांग्रेस ने सत्ता में आने बाद 2014 में लोकायुक्त अधिनियम समाप्त कर दिया और फिर ख़ुद ऐसी व्यवस्था की कि लोकायुक्त का गठन ही नहीं हो पाया। भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता नहीं चाहते कि लोकायुक्त बिल पास हो। कहा कि सच यह है कि मंत्रणा समिति में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुछ बोलते नहीं लेकिन बाहर शोर करते हैं।

भट्ट ने कहा कि जहां तक शराब व खनन माफ़िया का सवाल है तो कांग्रेस सरकार के समय ये माफ़िया ही सरकार की नीतियां तय करते थे। इसका नतीजा यह रहा की माफ़िया मालामाल होते गए और सरकार का राजस्व गिरता गया। राजस्व गिरने कीबात कैग की रिपोर्ट से भी सामने आई है। जबकि वर्तमान में भाजपा सरकार पूरी पारदर्शिता से काम हो रहा है व माफ़िया राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे कोई आरोप लगाने से पहले अपनी गिरेवान में झाँक लिया करें तो बेहतर होगा।