बर्ड फ्लूः पशुपालन मंत्री ने दिए एहतियात बरतने के निर्देश

0
510
जंगली पक्षी
बर्ड फ्लू के देशव्यापी खौफ के बीच पशुपालन मंत्री रेखा आर्य ने विभाग के अधिकारियों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। समय रहते बचाव के सभी इंतजाम किए जाएं।
रेखा आर्य ने कहा है कि इससे लोगों को घबराने की जरुरत नहीं है। सभी प्रकार की सावधानी का प्रयोग कर बीमारी से निजात पाई जाएगी। मंत्री रेखा आर्य ने इस संबंध में पशुपालन निदेशक से भी बातचीत की।
उन्होंने कहा है कि राज्य के कुक्कुट फार्मों, वन विभाग के सहयोग से प्रवासी पक्षियों और जलाशयों का निरीक्षण किया जाए। पक्षियों की अप्रत्याशित मृत्यु की सूचना  एचएसएडीएल भोपाल भेजी जाए। मंत्री रेखा आर्य ने सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने के निर्देश निदेशालय को दिए।
बर्ड फ्लूः नैनीताल जू में चिकन और अंडे पर प्रतिबंध
बर्ड फ्लू की देशव्यापी दहशत के बीच नैनीताल चिड़ियाघर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नैनीताल चिड़ियाघर में एहतियातन वन्यजीवों के आहार से अंडा और चिकन पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। जू में आने वाले पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर सेनेटाइज किया जा रहा है। वन्य जीवों से दूरी बनाने को लेकर इंतजाम किए गए हैं।
नैनीताल जू के वन क्षेत्राधिकारी अजय रावत ने बताया कि सेंट्रल जू अथॉरिटी ने देश के सभी चिड़ियाघरों को बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया  है। साथ ही एहतिहात बरतने के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके बाद नैनीताल चिड़याघर में बंगाल टाइगर समेत अन्य वन्यजीवों के लिए चिकन प्रतिबंधित कर दिया गया है। अंडे पर भी रोक लगा दी गई है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा चिड़ियाघर में आने वाले हर पर्यटक को प्रवेश द्वार में ही वन्य जीवों को निहारने के दौरान निश्चित दूरी बनाए रखने को कहा जा रहा है। बाड़े को नहीं छूने की सख्त हिदायत दी जा रही है। बाड़ों के आसपास सेनेटाइज करने के साथ ही साफ- सफाई की गई है।
उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर में फिजेंट्स और बर्ड की संख्या 167 है। बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाने के लिए चिकन, अंडे आदि को भोजन के मीनू से फिलहाल हटा दिया गया है। फिजेंट्स व बर्ड के बाड़े के बाहर पोस्टर चस्पा कर दिया गया है। इसमें पर्यटकों को जागरूक करने के लिए संदेश लिखे गए हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए पुख्ता कदम उठाए गए हैं। कर्मचारियों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।