उत्तराखंड के जवानों की बहादुरी को मिला सम्मान

0
726

सालों पुराने अपने सैन्य इतिहास के नये आयाम देने में उत्तराखंड के वीर जवानों ने कभी कोई मौका नहीं छोड़ा है। इस साल स्वतंत्रता दिवस पर भी प्रदेश के चमोली जिले के लांस नायक रघुवीर सिंह को मरणोपरांत शौर्य चक्र से अलंकृत किया गया है। रघुवीर सिंह 31वीं राष्ट्रीय राइफल में लांस नायक थे। इसके अलावा देहरादून जनपद के नायक दीपक आले को उनकी वीरता व पराक्रम के लिये शौर्य चक्र से नवाजा गया है, जबकि नायब सूबेदार रविन खण्डाल को सेना मेडल से अलंकृत किया गया।

चमोली जनपद के दशोली विकास खंड के मठ गांव के चार गढ़वाल के मेजर प्रीतम सिंह कुंवर सेना के वीरता पुरस्कार कीर्तिचक्र से सम्मानित किया जायेगा। यह सम्मान उनको जम्मू कश्मीर के उरी में आठ आतंकवादियों को ढेर करने पर दिया जा रहा है। उनके इस सम्मान पर उनके गांव में जश्न का माहौल है।

मेजर प्रीतम सिंह के भाई संतोष कुमार ने बताया कि सोमवार को भारत के राष्ट्रपति द्वारा देश के नाम अपने संदेश में इस बात की घोषणा की। घोषणा सुनते उनके गांव मठ सहित जनपद में खुशी का माहौल है। मेजर प्रीतम सिंह ने उरी में अपनी 17 सदस्यीय टीम के साथ आठ आंतकवादियों को ललकार कर उन्हें मुठभेड़ में मार गिराया था। बड़ी बात यह कि इस अॉपरेशन में सेना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।

उत्तराखंड के लाल रघुवीर सिंह को उनकी वीरता के लिए मरणोपरांत शौर्य चक्र से अलंकृत किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उनके परिवार को यह सम्मान दिया गया। गौरतलब है कि फरवरी 2017 में जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुर्इ थी। इस दौरान लांस नायक रघुवीर सिंह ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आतंकियों के पसीने छुड़ा दिए और लोगों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। गैरसैंण(मेखोली) के रघुवीर सिंह अपने पीछे अपने बेटे और पत्नी को छोड़ गए थे।

वहीं, रायवाला निवासी नायक दीपक आले ने जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर (कुपवाड़ा) में बीती 9 अप्रैल को नियंत्रण रेखा पर आमने-सामने की लड़ाई में दो खुंखार आतंकियों को मार गिराया था। इसी ऑपरेशन में गजीयावाला निवासी नायब सुबेदार रविन खण्डाल ने एक आतंकी को बहुत ही नजदीकी मुठभेड़ में मार डाला था। केरन सेक्टर के बहुत ही खतरनाक और 15 फिट बर्फ से घिरे दुष्कर इलाके में अदम्य साहस व वीरता का परिचय देने वाले यह दिलेर 1/3 गोरखा राइफल्स में तैनात हैं।