प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, लोग खुले आसमान के नीचे सोने को विवश

0
435
ऋषिकेश,  चार दिन पहले नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल एनजीटी तथा कुंभ मेला प्रशासन के आदेश पर चंद्रभागा नदी में अवैध रूप से रह रहे लोगों को स्थानीय प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के चलते हटा दिया जिसके बाद लोग बेघर हो गये। अब सभी खुले आसमान के नीचे सोने के लिए विवश हो रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने बेघर हुए लोगों के लिए मानवता के नाते दोनों समय के खाना वितरण भी व्यवस्था की है। लेकिन रहने का ठीकाना ना होने के कारण इन लोगों को खुले आसमान के नीचे ही सोना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी से भी मिला था। फिलहाल कोई व्यवस्था नहीं गई है। प्रशासनिक अधिकारी प्रेम लाल का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को हटाए जाने से पूर्व इन्हें अन्यत्र जाने के लिए नोटिस भी दिया गया था। लेकिन यह लोग अपनी व्यवस्था नहीं कर पाए थे जिसके कारण उन्हें हटाना पड़ा।
वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना था कि इन लोगों को कुछ राजनीतिक दलों द्वारा गुमराह किया गया है। जिसके कारण यह नदी तट से हटने को तैयार नहीं है। कांग्रेस नेता शिव मोहन मिश्रा का कहना है कि इन लोगों के पास राशन कार्ड, आधार कार्ड ,वोटर आईडी भी इन्हीं पतों पर उपलब्ध है। यह सभी चीजें उपलब्ध करवाने से पूर्व उनके स्थाई पतों की जानकारी शासन को करनी चाहिए थी। जब इन्हें यह सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है तो अब इनके रहने की व्यवस्था भी प्रशासन को करनी चाहिए।