विधायक पर क्यों उछाला क्षेत्र के ही लोगों ने कीचड़, यहां देखें वीडियो

    0
    534

    मानसून की मार झेल रहे लोगों के सब्र का बांध टूटता दिख रहा है। कुछ ऐसा ही देखने को मिला जब बारिश से दून के इंदर रोड में हुए भारी नुकसान के दो दिन बाद प्रभावितों से मिलने पहुंचे राजपुर रोड विधायक खजानदास। विधायक जी पर आक्रोशित लोगों ने कीचड़ फेंक दिया। इसके बाद काफी हंगामा हुआ। लोगों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद विधायक वहां से चल दिए।

    दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश से इंदर रोड में भी काफी नुकसान हुआ था।  रिस्पना नदी का पानी कई घरों में घुस आया था। अभी तक क्षेत्र में जगह-जगह कीचड़ फैला हुआ है। शुक्रवार को विधायक खजानदास नुकसान का जायजा व प्रभावितों से मिलने के लिए इंदर रोड बस्ती में गए। बस्ती में भ्रमण के दौरान उन्होंने प्रभावितों को 3800 रुपए के चेक भी दिए। भ्रमण के दौरान विधायक इंदर रोड चौक पर पहुंचे, तभी यहां पर कुछ लोग भड़क उठे। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में नुकसान हुए दो दिन हो गए हैं और अब जाकर विधायक उनसे मिलने आ रहे हैं।

    लोगों ने घरों के आगे सड़क पर फैले कीचड़ को मुख्य सड़क पर लाकर डाल दिया।  फिर वहां मौजूद विधायक व उनके गनर की तरफ कीचड़ फेंका। साथ ही यहां पर सड़क पर लगे विधायक खजानदास के बोर्ड उखाड़ दिए। उखाड़े गए बोर्ड को कीचड़ से रंग दिया। आक्रोशि लोगों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया।  विधायक ने कहा कि वह शहर से बाहर थे। हालांकि लोग नहीं माने और विधायक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।  इसके बाद लोगों ने सड़क पर कीचड़ डालकर जाम लगा दिया। जिसके बाद विधायक व तहसीलदार वहां सेचल दिए।  हालांकि विधायक के आने के चलते क्षेत्र में जेसीबी व ट्रोली से कीचड़ उठाने का काम चल रहा था।  शाम तक कीचड़ उठाने का काम चलता रहा।