ऊधमसिंह नगर पुलिस की अनूठी पहल से पर्यावरण होगा सुरक्षित

0
552

ऊधम सिंह नगर के एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने सेवानिवृत होने वाले पुलिस कर्मियों की यादें सुरक्षित रखने के लिए विदाई के वक्त एक फलदार पौधारोपण उनके नाम से कराने का निर्णय लिया है। इससे पर्यावरण सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अभियान की शुरूवात आज दो उपनिरीक्षकों की सेवानिवृत्ति के दिन पुलिस लाइन में हुई। पौधारोपण के बाद दोनों सेवानिवृत्त उपनिरीक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई।

एसएसपी कृष्ण कुमार ने सेवानिवृत्ति के मौके पर पुलिस कर्मियों की यादगार सुरक्षित रखने के लिए एक फलदार पौधारोपण करने की शुरूवात की है। उपनिरीक्षक गिरीश भट्ट और महेश्वर सिंह सेवानिवृत हुए। पुलिस कार्यालय में उनका विदाई का कार्यक्रम किया गया। विदाई से पहले एसएसपी ने पुलिस लाइन में अमरूद व अनार के पौधों का रोपण कराया। इस मौके पर एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय मौजूद थीं। इसके बाद सेवानिवृत्ति के दिन दोनों उपनिरीक्षकों को पुलिस कार्यालय के सभागार में विदाई दी गई तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।