साहित्य के जरिए रीति-नीति से रूबरू कराएगी भाजपा

0
643

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को अब साहित्य के माध्यम से पार्टी की रीति-नीति से रूबरू कराएगी। इसके लिए भाजपा ने ई-लाइब्रेरी स्थापित की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा कार्यालय में ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन कर प्रवास के दूसरे दिन की शुरुआत की। भाजपा कार्यालय पहुंचे अमित शाह का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने दोपहर का भोजन दलित कार्यकर्ता मुन्ना सिंह के घर किया।

बुधवार को भाजपा प्रांत मुख्यालय को अमित शाह के स्वागत में भव्य तरीके से सजाया गया था। गुब्बारों और फूलों से पूरे कार्यालय को सजाया गया था। राज्य में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद भी ऐसी सजावट नहीं की गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में भाजपा महिला कार्यकत्रियां उत्तराखंड की पारंपरिक वेशभूषा में कार्यालय के मुख्य द्वार पर मौजूद थीं। शाह के आने पर महिलाओं ने स्वागत गीत के साथ ही लोक नृत्य भी प्रस्तुत किया। भाजपा कार्यालय में अमित शाह ने कंप्यूटर पर क्लिक पर ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस लाइब्रेरी में भाजपा के इतिहास के साथ ही देहरादून से जुड़ी भाजपा की विभिन्न जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ भाजपा के संस्थापकों और पूर्व नेताओं से जुड़ी तमाम जानकारी, भाजपा की रीति-नीति, जनसंघ से भाजपा तक का सफर आदि की जानकारी इस लाइब्रेरी में रहेगी।
इसके बाद अमित शाह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर के भोजन के लिए बलबीर रोड निवासी कार्यकर्ता मुन्ना सिंह के घर पहुंचे। मुन्ना सिंह पेशे से धोबी हैं और उन्होंने शाह के स्वागत के लिए खासी तैयारियां की थी। मुन्ना सिंह का कहना था कि अमित शाह उनके लिए भगवान जैसे हैं। आज उनके घर आने को लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। मुन्ना सिंह की पत्नी सरोज और तीन बेटियां सुबह से ही शाह के लिए खाना बनाने में जुटी थीं। उन्होंने शाह के लिए दाल, रोटी, मिक्स वेज, पूरी और खीर बनाई थी। इस मौके पर अमित शाह के साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व तीन चार अन्य भाजपा नेता भी मौजूद थे। मुन्ना के घर पर अमित शाह ने जमीन पर बैठकर भोजन किया और खाने की तारीफ भी की। इस दौरान उन्होंने बलवीर रोड के समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिनंदन किया।