वायुसेना ने कीर्तिनगर, खिर्सू के जंगलों में बुझाई आग

0
378
हेलीकॉप्टर
वायुसेना के एमआई-17 हेलिकॉप्टर ने मंगलवार को  खिर्सू और कीर्तिनगर क्षेत्र के चार स्थानों पर जंगल की आग बुझाई। इन स्थानों पर  करीब 10 हजार लीटर पानी का छिड़काव किया गया। गढ़वाल मंडल में अब तक लगभग 740 हेक्टेयर वन भूमि आग से प्रभावित हुई है। इसमें करीब 20 लाख रुपये की वन संपदा राख हुई है।
 अब तक गढ़वाल मंडल में 740 हेक्टेयर वन भूमि प्रभावित
एमआई-17 ने खिर्सू विकासखंड की नागदेव रेंज व टिहरी जनपद के कीर्तिगर विकासखंड के माणिकनाथ रेंज के दो-दो स्थानों पर आग बुझाई। मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल और चॉपर से आग बुझाए जाने संबंधी अभियान के स्टेट नोडल अधिकारी सुशांत कुमार ने बताया कि गढ़वाल वन प्रभाग, नरेंद्र नगर वन प्रभाग, टिहरी वन प्रभाग और बदरीनाथ वन प्रभाग में जंगलों में छिटपुट आग की घटनाएं सक्रिय हैं। बड़ी घटनाओं की कोई सूचना नहीं है। सुशांत कुमार के मुताबिक गढ़वाल मंडल में 20 वन प्रभाग हैं। इनमें पिछले अक्टूबर से अब तक करीब 740 हेक्टेयर वन भूमि आग से प्रभावित हुई है। आरक्षित वन क्षेत्रों में आग अन्य वन क्षेत्रों की तुलना में कम है। गढ़वाल मंडल में मंगलवार को आग बुझाने का अभियान सफल रहा। कुमाऊं मंडल में विजबिलिटी कम होने के कारण चॉपर उड़ान नहीं भर पाया। वहां अभियान संचालित नहीं हो पाया है।
राज्य के मुख्य वन संरक्षक वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन ने मंगलवार को जानकारी दी है कि गढ़वाल मंडल में वनाग्नि की 65 घटनाएं हुई हैं। इससे 119.2 हैक्टेयर वन भूमि प्रभावित हुई है। कुमाऊं में 34 घटनाएं हुई है, जिनसे 23.1 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। पूरे प्रदेश में कुल 100 अग्नि घटनाओं में 142.3 हेक्टेयर भूमि प्रभावित हुई है। इससे चार लाख 56 हजर 40 रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि आने वाले पांच दिनों में मौसम विज्ञान विभाग ने बरसात होने की संभावना जताई है। अगर बरसात होती है तो वनों की आग पर अंकुश लगेगा।