केदारनाथ एवं यमुनोत्री यात्रा मार्गों पर प्रत्येक किमी पर होगी डाॅक्टरों की व्यवस्था :सीएम

0
541

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को राजपुर रोड स्थित स्वामी रामतीर्थ आश्रम में बद्रीनाथ-केदारनाथ समिति एवं शुभ मंगल चारधाम (उत्तराखण्ड) सेवा समिति द्वारा आयोजित सुन्दरकाण्ड पाठ में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्री-केदार यात्रा के सफल आयोजन एवं चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण करने के लिए सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन अच्छी पहल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को प्रदेश में आवागमन एवं रहने की उचित व्यवस्था हो इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ एवं यमुनोत्री के पैदल यात्रा मार्गों पर प्रत्येक एक किमी पर डाॅक्टरों की व्यवस्था की जाएगी। इस बार केदारनाथ में लेजर शो का आयोजन किया जाएगा जिसमें केदारनाथ के प्रादुर्भाव से लेकर 2013 तक के इतिहास को 25-25 मिनट के लेजर शो के माध्यम से दिखाया जाएगा। हांगकांग से तैयार किया गया ये लेजर शो 28 अप्रैल से 05 मई 2018 तक दिखाया जाएगा। इस शो को धार्मिक रूप से जानकर लोगों को दिखाकर पास किया गया है। अभी तक हमारे देश में कभी ऐसा शो नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के लिए अधिक से अधिक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड आएं इसके लिए राज्य सरकार यात्रा को और सुगम बनाने के लिए प्रयासरत है। इस अवसर पर सुन्दरकाण्ड कथा वाचक श्रीमती संध्या वत्स एवं नरेश वत्स ,बद्री-केदार मंदिर समिति के कार्यकारी अधिकारी बी डी सिंह, श्यामसुन्दर गोयल, मनोहरकान्त जुयाल, सतीश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।