कई माह से ऋषिकेश एम्स में भर्ती एसडीएम सुश्री संगीता कन्नौजिया का गुरुवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर लगते ही प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय ने गहरा दुख प्रकट किया।
विगत 26 अप्रैल को उप जिलाधिकारी सुश्री संगीता कन्नौजिया का सरकारी वाहन रुड़की से लक्सर जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में उनके चालक गोविंद की मौके पर मौत हो गई थी। एसडीएम कन्नौजिया को गंभीर हालत में ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें रीढ़ की हड्डी और सिर में गंभीर चोट थी। इसके कारण उनके हाथ पैरों ने काम करना बंद कर दिया था।
पिछले कुछ समय से उनकी किडनी में भी इन्फेक्शन बढ़ गया था, जिसके कारण उनकी डायलिसिस भी चल रही थी। आखिर साढ़े चार महीने के संघर्ष के बाद उन्होंने आज अंतिम सांस ली। बेहद ही मिलनसार व सेवा के प्रति समर्पित सहयोगी को खो देने से पूरे हरिद्वार जिला प्रशासन में शोक की लहर है।





















































