इंडिया गेट पर 31 अक्टूबर से शुरू होगा 4 दिवसीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ महापर्व

0
1144

नई दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी पहल एक भारत श्रेष्ठ भारत को चरितार्थ करते हुए केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) 31 अक्टूबर से इंडिया गेट लॉन में चार दिवसीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ महापर्व का आयोजन करने जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक करेंगे। देश के सभी केंद्रीय विद्यालयों के दो हजार से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक इसमें शामिल होंगे

केवीएस के आयुक्त संतोष कुमार मल्ल ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ महापर्व का आयोजन व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। 31 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 3 नवम्बर को सायं चार बजे तक चलने वाले इस पर्व में केवीएस के सभी 25 संभागों में स्थित एक हजार 226 स्कूलों में छठी से बारहवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी भाग लेंगे। इसमें शिक्षक भी संगीत एवं कला संगम के माध्यम से अपनी भूमिका निभाएंगे।

पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष के महापर्व की विशेषता के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उद्घाटन और समापन कार्यक्रम में ‘शोभा यात्रा’ के नाम से एक सांस्कृतिक परेड निकलेगी। इसे सांस्कृतिक ट्रेन का नाम दिया जा सकता है। असल में इस पूरे आयोजन में सभी विद्यार्थियों को अपने मूल राज्य से अलग दूसरे राज्य का भाषायी, साहित्यिक और सांस्कृतिक आधार पर अध्ययन करना होता है। सांस्कृतिक परेड की प्रतियोगिता में सभी संभागों के बच्चों को आवंटित राज्य की संस्कृति की झलक पेश करने के लिए केवल एक मिनट का समय मिलेगा।

कार्यक्रम में ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग, स्पॉट पेंटिंग, सोलो सॉन्ग, क्विज, क्रिएटिव राइटिंग, स्टोरी टेलिंग का इस बार स्वरूप बदल दिया गया है। आवंटित राज्य के अनुरूप ही प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें स्पॉट पेंटिंग में थीम दी जाएगी और उसी के हिसाब से बच्चों को पेंटिंग करनी होगी जबकि पिछले साल ऐसा नहीं था, इस बार भाषा संगम की भी प्रतियोगिता रखी गई है। इसमें बच्चों को उन्हें आवंटित राज्य की भाषा बोलने और उसमें शुद्धता के हिसाब से अंक दिए जाएंगे।

मल्ल ने कहा कि महापर्व में देश की सांस्कृतिक छठा देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में एक राष्ट्र के लिए चार अलग-अलग थीम होंगी। पहले दिन की थीम फिट इंडिया, दूसरे दिन समग्र शिक्षा जल सुरक्षा, तीसरे दिन सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध और चौथे दिन की थीम स्वच्छ भारत सुंदर भारत रखी गई है। महापर्व में शामिल होन वाले विद्यार्थियों के लिए उक्त चारों थीमों के आधार पर 28 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें साहित्य उत्सव, हिंदी-अंग्रेजी चर्चा, संस्कृत श्लोक वाचन, हिंदी काव्य पाठ, सृजनात्मक लेखन, कहानी कथन, भाषा संगम, प्रदशर्नियां, पेंटिंग, समूह नृत्य और एक भारत-श्रेष्ठ भारत पर क्विज मुख्य है।

भारत की व्यापक सांस्कृति को एक बार में समझना कठिन है। विश्व में भारत एकता में अनेकता का संदेश देने वाला देश है। उत्तर में जम्मू कश्मीर से लेकर दक्षिण में कन्याकुमारी तक, पश्चिम में जामनगर और पूर्व में नगालैंड तक में संस्कृति की विविध झलक देखने को मिलती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से यह सब एक स्थान पर देखना संभव होगा, वो भी वहां के मूल निवासियों द्वारा नहीं बल्कि दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों द्वारा किताबों, इंटरनेट और अन्य माध्यम से सीखकर प्रदर्शन करना अपने आप में आश्चर्यचकित करने वाला होगा।