देहरादून, सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 11,175 शिकायतों का संतुष्टि के साथ समाधान किया गया, सीएम हेल्पलाइन की रिपोर्ट जारी की गई। मुख्यमंत्री ने 23 फरवरी 2019 को जनता की सहूलियत के लिए सीएम हेल्पलाइन 1905 का देहरादून में उद्घाटन किया था। इसका मकसद जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर दराज के क्षेत्रों से मुख्यमंत्री कार्यालय या सचिवालय के चक्कर काटने से बचाना था। इससे जनता के समय और धन दोनों की बचत होगी। जनता घर बैठे ही सरकार तक विभागों की समस्या ऑनलाइन या फ़ोन पर बता सकेगी।
इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वेबसाइट सीएम हेल्पलाइन और मोबाइल एप, टोलफ्री फ़ोन नंबर 1905 जनता के लिए शुरू किया था। इसमें अधिकारियों को शिकायत प्राप्त होते ही सात दिन के भीतर शिकायत पर कार्रवाई शुरू करना अनिवार्य है। लाॅंच करने के कुछ समय बाद से ही जनता की शिकायतों का समाधान होने लगा।
सीएम हेल्पलाइन में उत्तराखंड के 3900 अधिकारियों को जोड़ दिया गया है। जिसमे एल 1 (ब्लाक , तहसील ,नगर), एल 2 (जिला ), एल 3 (प्रदेश) और एल 4 (शासन के सचिव) स्तर के अधिकारी हैं। सभी अधिकारियों को यूजर नेम और पासवर्ड शिकायत का निस्तारण करने के लिए दिया गया है। इसमें प्रत्येक माह आयुक्त गढ़वाल मंडल और आयुक्त कुमाऊं मंडल सभी जिलों के अधिकारियों की समीक्षा बैठकें भी ले रहे हैं और शिकायतों के गुणवत्ता पूर्वक समाधान पर प्रतिदिन मंडल आयुक्तों और जिला अधिकारियों के जरिए नजर रखी जा रही है। शनिवार को जारी सीएम हेल्पलाइन की रिपोर्ट में अभी तक 1905 पर 11 हजार 175 शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ शिकायतों का समाधान किया गया है।
गढ़वाल मंडल के जिलों में
देहरादून 2052, हरिद्वार 1637 , टिहरी गढ़वाल 514, रुद्रप्रयाग 205, पौड़ी गढ़वाल 715, उत्तरकाशी 279, चमोली 273 शिकायतों का समाधान हुआ है।
कुमाउ मंडल के जिलों में
उधम सिंह नगर 2187 , नैनीताल 1926 , अल्मोड़ा 763 , चम्पावत 227 , बागेश्वर 155 पिथौरागढ़ 242 शिकायतों का समाधान हुआ है।





















































