बॉयलर फटने से 10 मजदूर झुलसे, 2 की हालत नाजुक

0
1146
हरिद्वार। भगवानपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में कत्था बनाने वाली सनराइज कंपनी में सोमवार को अचानक बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 10 मजदूर बुरी तरह झुलस गए, जिनमें 2 की हालत नाजुक है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी मजदूरों को रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कंपनी में अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। हादसे के बाद से कंपनी के ठेकेदार एवं अन्य मजदूर मौके से फरार हैं। मौके पर पहुंची तहसीलदार को भी फैक्ट्री प्रबंधन ने सही जानकारी नहीं दी। इससे नाराज होकर तहसीलदार सुशीला कोठियाल ने कंपनी प्रबंधन को फटकार लगाई।
भगवानपुर कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रदीप रावत ने बताया कि हादसा बॉयलर फटने के कारण हुआ है। जानकारी जुटाई जा रही है। कम्पनी में अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की जा रही है।