प्रियंका चोपड़ा को घेरा पाकिस्तानियों ने

0
428

मुंबई, पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायुसेना के पराक्रम को देश ने सराहा, तो प्रियंका चोपड़ा ने भी सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट में जयहिंद लिखकर पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी अड्डों के खिलाफ वायुसेना की स्ट्राइक का स्वागत किया।

प्रियंका चोपड़ा द्वारा अपने देश की वायुसेना द्वारा आतकंवाद के खिलाफ किए गए इस आप्रेशन को लेकर पाकिस्तान के लोग अब सोशल मीडिया पर प्रियंका चोपड़ा को घेरने की कोशिश कर रहे हैं और अंतर्राष्ट्रीय संस्था यूनिसेफ के गुडविल एंबेसडर के तौर पर प्रियंका की निुक्ति के खिलाफ अभियान चला रहे हैं।

प्रियंका को इस पद से हटाने के लिए पाकिस्तान की ओर से आनलाइन याचिका भी डाली गई है। प्रियंका की भूमिका को लेकर पाकिस्तानियों का तर्क है कि उन्होंने अपनी पोस्ट में भारतीय वायुसेना के एक्शन का समर्थन करके एक तरह से युद्ध को न्यायोचित ठहराने की कोशिश की है, जबकि यूनिसेफ हर तरह से युद्ध को मानवता के खिलाफ मानता है।

पाकिस्तानियों का तर्क है कि युद्ध का समर्थन करने वाली प्रियंका को यूनिसेफ के गुडविल एंबेसडर के पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। पाकिस्तानियों की इस मुहिम पर अब तक प्रियंका चोपड़ा की ओर से सीधे तौर पर कोई रिएक्शन नहीं आया है, लेकिन उनकी मीडिया टीम का कहना है कि, “इससे कोई असर नहीं पड़ता और प्रियंका इन बातों पर ध्यान नहीं देतीं। यूनिसेफ ने प्रियंका चोपड़ा को 2017 में यूनिसेफ का गुडविल एंबेसडर नियुक्त किया गया था। इस मानद नियुक्ति के बाद प्रियंका ने बंग्लादेश और कई अन्य देशों में गरीबी में जीने वाले लोगों के लिए चलाई जा रहीं यूनिसेफ की योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के लिए वहां दौरे किए थे। प्रियंका की यूनिसेफ में ये नियुक्ति दो साल के लिए बताई गई है। “

प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने पति निक जोनस के साथ भारत आई हुई हैं। पिछले दिनों उन्होंने दिल्ली में अपनी निर्माणधीन फिल्म द स्काई इज पिंक की शूटिंग में हिस्सा लिया। शोनाली बोस के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में प्रियंका के साथ फरहान अख्तर और दंगल फेम अभिनेत्री जायरा वसीम हैं और ये फिल्म इस साल अक्तूबर में रिलीज होनी है।