देहरादून की संस्कृति अमेरिका में कर रहीं प्रदेश का नाम रौशन

0
1331

उत्तराखंड की संस्कृति अमेरिका में देश का नाम रोशन कर रही है। 15 वर्षीय संस्कृति भटकोटी अमेरिका में 18 नवंबर से शुरू हुई वर्ल्ड स्कॉलर कप प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विभिन्न संस्कृतियों से जुड़े के स्कूली बच्चों को एक मंच प्रदान करना है। इस प्रतियोगिता में 50 देशों के करीब तीन हजार स्कूली छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। संस्कृति वर्ल्ड स्कॉलर कप टूर्नामेंट ऑफ चैंपियन राउंड के लिए आयोजक संस्था के आमंत्रण पर अमेरिका पहुंच चुकी है।

इस दौरान उसे विभिन्न चरणों से गुजरना पड़ेगा। इससे पूर्व, संस्कृति वर्ल्ड स्कॉलर कप प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरणों में राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली, गाजियाबाद व चंडीगढ़ और एशिया स्तर पर बैंकाक में प्रतिभाग कर चुकी है। इन चरणों में संस्कृति ने तीन स्वर्ण, नौ रजत व दो कांस्य पदक के साथ एक ट्रॉफी भी अपने नाम की।मूलरूप से राजपुर रोड (देहरादून) निवासी संस्कृति अमेरिका में वर्तमान व भविष्य के मुद्दों पर विचार मंथन करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 26 नवंबर तक अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी की इंटरनेशनल रिलेशन एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है।

संस्कृति के पिता राहुल भटकोटी एविएशन सेक्टर में महाप्रबंधक और मां प्रियंका भटकोटी मैक्सफोर्ट स्कूल द्वारका (दिल्ली) में प्रधानाचार्य हैं। उनके दादा डॉ. डीएन भटकोटी डीएवी पीजी कॉलेज में राजनीतिक विज्ञान के विभागाध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में सामाजिक सरोकारों से जुड़े हैं।