हॉलीवुड एक्टर विल स्मिथ का हरिद्वार से रहा है नाता

0
439
विल

ऑस्कर 2022 के विजेताओं का ऐलान हो गया है। इस बार का वेस्ट एक्टर की श्रेणी में ऑस्कर अवॉर्ड मिलने पर एक्टर विल स्मिथ चर्चाओं में है। हॉलीवुड एक्टर विल स्मिथ अपनी कलाकारी की वजह से हमेशा चर्चाओं में रहे हैं। उनके फैंस हॉलीवुड ही नहीं भारत के साथ दुनियाभर में हैं। खुद विल स्मिथ भारत और यहां की सभ्यता को बेहद पसंद करते हैं। यही नहीं, स्मिथ का भारत के साथ धर्मनगरी हरिद्वार से भी गहरा संबंध है।

दरअसल, विल स्मिथ साल 2018 में हरिद्वार में एक विशेष अनुष्ठान के लिए भारत पहुंचे थे। विल स्मिथ यहां ज्योतिषाचार्य प्रतीक मिश्रपुरी के पास भारतीय सभ्यता और संस्कृति को जानने के लिए आए थे। इसके साथ ही हिंदू ग्रह नक्षत्रों के अनुसार पूजा पाठ करवाने के लिए भी वह यहां पहुंचे थे। प्रतीक मिश्रपुरी बताते हैं कि उस वक्त हॉलीवुड के ही एक कलाकार ने विल स्मिथ को उनके बारे में बताया था। कई दौर की फोन पर बातचीत के बाद उन्होंने भारत आने का फैसला लिया।

दरअसल, विल स्मिथ चाहते थे कि वो अपने फिल्मी करियर में एक बड़ा मुकाम हासिल करें। ज्योतिषाचार्य मिश्रपुरी ने उनके ग्रह नक्षत्रों को देखकर हरिद्वार शिव मंदिर में पूजा अनुष्ठान करवाया था। साथ ही भगवान शिव का अभिषेक और गंगा आरती में भी उन्हें शामिल किया था। इतना ही नहीं विल स्मिथ भी मां गंगा, भगवान शिव और पूजा अर्चना में बेहद रुचि दिखा रहे थे। प्रतीक मिश्रपुरी बताते हैं कि जब विल स्मिथ की जन्मपत्री देखी तो पाया कि उनके ग्रह नक्षत्र बेहद अच्छे हैं। उस समय शुक्र की युति तुला राशि के अंदर थी, इसके साथ ही उनके कुंडली में मंगल बहुत ज्यादा प्रबल था। उन्होंने बताया कि इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखते हुए उनके करियर के सफर में और बेहतर चीजें हों, इसके लिए उन्होंने पूजा-पाठ करवाया था। उन्हें खुशी है कि हिंदू देवी देवताओं का आशीर्वाद उनके साथ रहा और आज ऑस्कर अवार्ड के विजेता बने हैं।

उल्लेखनीय है कि विल स्मिथ ने इस साल ऑस्कर में अपनी फिल्म किंग रिचर्ड के लिए बेस्ट एक्टर के लिए ऑस्कर अवॉर्ड जीता है। फिल्म किंग रिचर्ड की कहानी स्टार टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स और वीनस विलियम्स के पिता रिचर्ड विलियम्स की कहानी है।